नई दिल्ली:केरल में बीते 24 घंटे में 3423 कोरोना मरीजों की पहचान हुई। 4494 मरीज ठीक हो गए, जबकि 27 की मौत हुई। अब यहां 60 हजार 522 एक्टिव केस हैं। इस मामले में इसने महाराष्ट्र को पीछे छोड़ दिया है और टॉप पर पहुंच गया है। महाराष्ट्र में अब 59 हजार 469 एक्टिव केस हैं।
कुल संक्रमितों की बात करें तो महाराष्ट्र में अब तक 18.99 लाख केस आ चुके हैं। इनमें से 17.89 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 48 हजार 801 की मौत हुई है। वहीं, केरल में 7.09 लाख केस आए हैं और 6.45 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं और 2844 की मौत हुई है।
देश में सोमवार को 19 हजार 141 कोरोना संक्रमितों की पहचान हुई। 30 हजार 199 मरीज ठीक हुए और 300 की मौत हुई। इस तरह एक्टिव केस में 11 हजार 372 की कमी आई। अब तक 1 करोड़ 75 हजार 422 केस आ चुके हैं। इनमें से 96.35 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं और 1.46 लाख की मौत हो चुकी है। अब कुल 2.90 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है।
कोरोना अपडेट्स
- क्रिसमस और न्यू ईयर से पहले महाराष्ट्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। 22 दिसंबर से 5 जनवरी तक राज्य के नगर निगम वाले इलाकों में नाइट कर्फ्यू लगा रहेगा। इस दौरान रात 11 बजे से सुबह 6 बजे तब लोगों को बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की इजाजत होगी।
- राज्य सरकार ने यूरोपीय देशों से आने वालों के लिए भी नई गाइडलाइन जारी की है। ऐसे पैसेंजर्स को 14 दिन तक इंस्टीट्यूशनल क्वारैंटाइन में रहना होगा। ब्रिटेन में कोरोनावायरस का नया स्ट्रेन VUI-202012/01 मिला है। इसे मौजूदा वायरस से 70% ज्यादा संक्रमण फैलाने वाला माना जा रहा है।
- मेदांता अस्पताल प्रशासन ने बताया कि हरियाणा के गृह और स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज का स्वास्थ्य ठीक हो रहा है। अतिरिक्त ऑक्सीजन की जरूरत अब कम पड़ रही है।
- केरल सरकार ने बार, वाइन और बियर पार्लर खोलने का आदेश जारी कर दिया है। अब तक केवल पार्सल सर्विस की मंजूरी थी।
- बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी की हालत बिगड़ गई है। उन्हें अब पटना एम्स में भर्ती कराया गया है। 12 दिसंबर को वे कोरोना संक्रमित पाए गए थे। तब से वे होम आइसोलेशन में रहकर इलाज करा रहे थे।