मुंबई: भारत-चीन विवाद के बीच चीन की तीन कंपनियों के साथ होल्ड पर रखे गए अग्रीमेंट को उद्धव सरकार की ओर से मंजूरी दे दी गई है। 5000 करोड़ के करार को पहले सरकार की ओर से रोक दिया गया था। यह तीनों कंपनियां पुणे में अपने प्रोजेक्ट लगाने वालीं हैं।
राज्य के उद्योग मंत्री सुभाष देसाई ने बुधवार को बताया, “पहले की स्थिती और आज की स्थिती में अंतर है। हमें आज सुबह ही पता चला कि दोनों देश की बीच हालात सुधर रहे हैं।क हमें विश्वास है कि आर्थिक करार को आगे बढ़ाने में भविष्य में कोई समस्या नहीं होगी और हम ये करार आगे ले जा सकेंगे।”
इन तीन कंपनियों संग सरकार ने किया है करार
कोरोना से बने आर्थिक संकट से उबरने के लिए महाराष्ट्र सरकार ने 15 जून को मुंबई में हुए ‘मैगनेटिक महाराष्ट्र 2.0’ इन्वेस्टर मीट का आयोजन किया था। इसमें सरकार ने तीन चीनी कंपनी, ग्रेट वॉल मोटर्स, पीएमआई इलेक्ट्रो मोबिलिटी और फोटोन और हेल्गी इंजीनियरिंग के साथ करार किया था। मंगलवार को भारत सीमा विवाद में 20 जवानों की शहादत की खबर आई और महाराष्ट्र सरकार ने इस एग्रीमेंट को होल्ड पर डाल दिया था।

