नई दिल्ली: देश में कोरोना के मरीजों की संख्या में हर 5 दिन में करीब 1000 की बढ़ोतरी हो रही है। बीते पांच दिन में रोजाना 11 हजार से ज्यादा संक्रमित बढ़े हैं। 2-3 दिन में यह संख्या 11 से 12 हजार की दर से बढ़ने का अनुमान है। रविवार को 11 हजार 374 नए मामले आए। अब कुल संक्रमितों की संख्या 3.33 लाख हो गई है। कोरोना का ग्राफ ऐसे ही आगे बढ़ा तो जून के अंत तक संक्रमितों की संख्या 5 लाख पर पहुंच सकता है। डबलिंग रेट में 17.4 दिन है। इस हिसाब से 18 जुलाई तक यह संख्या 10 लाख और अगस्त के पहले हफ्ते में 20 लाख हो सकती है।
पिछले 5 दिन में बढ़े संक्रमित
| तारीख | केस |
| 10 जून | 11156 |
| 11 जून | 11135 |
| 12 जून | 11306 |
| 13 जून | 12039 |
| 14 जून | 11374 |
देश में रविवार को 7364 संक्रमित ठीक हुए। 321 लोगों ने जान गंवाई। दिल्ली में रिकॉर्ड 2224 नए केस बढ़े। यह संख्या लगातार तीसरे दिन 2 हजार से ज्यादा है। महाराष्ट्र में 3394 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। ये आंकड़े covid19india.org के मुताबिक हैं।
20 सबसे संक्रमित शहरों की लिस्ट से भोपाल बाहर
देश के 20 सबसे संक्रमित शहरों की लिस्ट में अब मध्यप्रदेश से सिर्फ इंदौर शहर बचा है। इंदौर 7वें नंबर पर है। भोपाल बाहर हो गया है। पहले भोपाल 11वें और इंदौर चौथे नंबर पर था। रिकवरी रेट में भी मध्यप्रदेश से आगे सिर्फ राजस्थान है। मध्यप्रदेश में मरीजों का रिकवरी रेट 71.1% और राजस्थान में 75.3% है।
5 दिन, जब सबसे ज्यादा मामले आए
| तारीख | केस |
| 13 जून | 12031 |
| 14 जून | 11374 |
| 12 जून | 11314 |
| 11 जून | 11128 |
| 10 जून | 11156 |
अपडेट्स…
- नवंबर में कोरोना के पीक पर होने की आशंका: आईसीएमआर के ऑपरेशंस रिसर्च ग्रुप के अध्ययन के मुताबिक, लॉकडाउन के कारण देश में कोरोना का पीक टाइम 34 से 76 दिन शिफ्ट हुआ। अब पीक नवंबर के मध्य में आने और तब आईसीयू बेड-वेंटिलेटर की कमी होने की आशंका है।
- रेलवे ने संक्रमितों के इलाज के लिए उत्तरप्रदेश में 70, दिल्ली में 54, तेलंगाना में 60 और आंध्रप्रदेश में 20 आइसोलेशन कोच तैनात करने का फैसला किया है। दिल्ली में ये कोच आनंद विहार स्टेशन और सकूरबस्ती मेंटेनेंस डिपो में खड़े होंगे।
- पुलिस के मुताबिक, कोरोना संक्रमित होने के डर से दिल्ली में भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) के अधिकारी ने अपनी कार में तेजाब डालकर कथित तौर पर खुदकुशी कर ली।
- तेलंगाना सरकार के मुताबिक, रविवार को 23 पत्रकारों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। प्रदेश में कुल 60 मीडियाकर्मी महामारी के चपेट में आ चुके हैं। इनमें से एक की जान गई।

