मुंबई:महाराष्ट्र सरकार ने नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी (एनआईवी) के कोविड-19 वैक्सीन अनुसंधान के लिए 30 रीसस बंदरों को पकड़ने की अनुमति दी है। आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार (6 जून) को यह जानकारी दी। रीसस मैकास यानी रीसस बंदर व्यापक रूप से चिकित्सा अनुसंधान में उपयोग किए जाते हैं। ये अधिकतर दक्षिण और पूर्वी एशिया में पाए जाते हैं।
वन विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि टीके पर रिसर्च के लिए चार से पांच साल की उम्र के बंदरों की जरूरत होगी। सूत्रों ने कहा कि इस शर्त पर अनुमति दी गई थी कि बंदरों को अनुभवी कर्मियों द्वारा पकड़ा जाएगा, उन्हें कुशलतापूर्वक और सुरक्षित रूप से संभाला जाएगा, घायल नहीं किया जाएगा और परियोजना का इस्तेमाल व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए नहीं किया जाएगा।

