मुंबई:धारावी में मंगलवार (2 जून) को कोराना वायरस (कोविड-19) के 25 नए मामले सामने आए, जिसके बाद यहां कुल संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 1830 हो गई है। वहीं इस वायरस की वजह से अब तक इस इलाके में 71 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने यह जानकारी दी।
दूसरी ओर, महाराष्ट्र के औरंगाबाद जिले में मंगलवार (2 जून) को कोरोना वायरस के कम से कम 55 नए मामले सामने आए और इसके साथ ही क्षेत्र में इस वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 1,642 हो गई। जिले के एक अधिकारी ने बताया कि 55 संदिग्ध रोगियों के नमूनों की रिपोर्ट मंगलवार (2 जून) की सुबह आई, जिनमें उनके संक्रमित होने की पुष्टि हुई।
उन्होंने कहा कि जिले में अब तक सामने आए 1,642 मामलों में से 1,049 मरीज संक्रमणमुक्त हो चुके हैं और 79 मरीजों की मौत हो गई है। अभी 514 लोगों का जिले के विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
पैरोल पर छूटा कैदी कोविड-19 से संक्रमित पाया गया
वहीं, महाराष्ट्र में ठाणे केंद्रीय जेल से पैरोल पर रिहा किया गया 30 वर्षीय एक कैदी पालघर जिले में कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है। पालघर जिला सिविल सर्जन डॉ कंचन वणेरे ने बताया कि शनिवार को रिहा होने के बाद वह वाडा में अपनी बहन के यहां गया और फिर जवहर आया जहां उसे जांच के बिना उसके गांव में प्रवेश की इजाजत नहीं दी गई। अधिकारी ने बताया कि उसे चिकित्सा केंद्र ले जाया गया, जहां सोमवार (1 जून) को उसके कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई।
धारावी में कोरोना के 25 नए मामले, मरीजों की कुल तादाद 1830; अब तक 71 लोगों की मौत

