मुंबई:कोरोना संक्रमण के बीच महाराष्ट्र की राजनीति में सियासी बयानबाजी तेज है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने महाराष्ट्र में कोरोना के बढ़ते संक्रमण के लिए शिवसेना-एनसीपी-कांग्रेस की संयुक्त सरकार को जिम्मेदार ठहराया। इसके साथ ही एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने सोमवार देर रात पहले राज्यपाल और फिर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से मुलाकात की। इस मामले में आज कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने साफ-साफ कहा कि महाराष्ट्र के फैसलों में हमारी पार्टी की कोई भूमिका नहीं होती है।
इसे पूरे घटनाक्रम के बाद महाराष्ट्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि राज्य में कोरोना को लेकर स्थिति काफी गंभीर है। ऐसे हालात में हमारी इच्छा सत्ता परिवर्तन की नहीं है। हम कोरोना वायरस से लड़ रहे हैं। सरकार पर भी इसके लिए दबाव बना रहे हैँ।
फडणवीस ने उद्धव ठाकरे सरकार पर केंद्र सरकार द्वारा दिए गए आर्थिक सहायता के उपयोग नहीं करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मैं वाकई में नहीं समझ पा रहा हूं कि शिवसेना-एनसीपी-कांग्रेस गठबंधन सरकार की प्राथमिकता क्या है। आज राज्य को एक असरदार नेतृत्व की जरूरत है। मुझे उम्मीद है कि उद्धव ठाकरे कड़े फैसले लेंगे।

