मुंबई:महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई स्थित सबसे बड़ी झुग्गी बस्ती धारावी में मंगलवार (26 मई) को कोरोना वायरस से संक्रमण के 38 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही यहां पर कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,621 हो गई है। बृह्नमुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अधिकारी ने बताया कि धारावी में कोई नई मौत नहीं हुई है लेकिन अबतक यहां पर कोविड-19 से 60 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। उन्होंने बताया, ”इन 38 नए मामलों में सबसे अधिक माटुंगा श्रमिक शिविर इलाके में नौ मरीज मिले हैं।”
वहीं, महाराष्ट्र के ठाणे नगर निगम ने शहर में कोविड-19 के बढ़ते मामलों को देखते हुए मंगलवार (26 मई) आधी रात से मुंब्रा क्षेत्र में पूर्ण लॉकडाउन का आदेश दिया है। निगम के आयुक्त विजय सिंघल ने एक आदेश में कहा कि सुबह में सात से नौ बजे तक केवल दूध और दवाओं की दुकानें खुली रहेंगी। सब्जियों और किराने का सामान सहित अन्य सभी दुकानें बंद रहेंगी।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार सोमवार (25 मई) रात तक ठाणे शहर में कोविड-19 के 2,172 मामले आए जिनमें 288 मामले मुंब्रा क्षेत्र से हैं। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि चेतावनी और निर्देश जारी किए जाने के बाद भी लोग लॉकडाउन और सामाजिक दूरी के मानदंडों का पालन नहीं कर रहे थे और सार्वजनिक स्थानों पर एकत्र हो रहे थे।

