मुंबई:महाराष्ट्र में राज्य के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने कहा कि महाराष्ट्र में तालाबंदी शुरू होने के बाद से साइबर अपराधों की संख्या में वृद्धि हुई है। TikTok के माध्यम से, बलात्कार और एसिड हमले को प्रोत्साहित करने वाले वीडियो हाल ही में वायरल हुए। राज्य साइबर अपराध विभाग इस तरह की सामग्री पोस्ट करने वालो के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगा।
बता दें कि कोरोना से देश का हाल बेहाल है। भारत में कोरोना वायरस के मामलों में हर दिन इजाफा देखने को मिल रहा रहा है और रोज यह सबसे अधिक मामलों का रिकॉर्ड बनाता जा रहा है। आज भी कोरोना का अब तक का सबसे बड़ा उछाल सामने आया है। देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से 6654 नए मामले सामने आए हैं और करीब 137 लोगों की मौतें हुई हैं। शनिवार को जारी केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, देशभर में कोरोना वायरस के मामले बढ़कर करीब 125101 हो गए हैं और कोविड-19 से अब तक 3720 लोगों की मौत हो चुकी है। कोरोना के कुल 125101 केसों में 69597 एक्टिव केस हैं, वहीं 45299 लोगों को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है या फिर वह ठीक हो चुके हैं। कोरोना वायरस से अब तक सर्वाधिक 1517 लोगों की मौत महाराष्ट्र में हुई।
इधर, महाराष्ट्र में कोरोना वायरस की सबसे अधिक तबाही देखने को मिल रही है। महाराष्ट्र में कोविड-19 के कुल 44582 पॉजिटिव केस मिल चुके हैं। इनमें से 12583 लोग पूरी तरह से स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें छुट्टी दे दी गई है। इस राज्य में अब तक सबसे अधिक 1517 लोगों की जान जा चुकी है।

