- मुम्बई में परिवार के एक वृद्ध की कुछ दिन पूर्व कोरोना संक्रमण से हुई थी मौत
- जीयनपुर गाँव में दो मिले कोरोना पॉजिटिव मरीज, सील होगा गाँव
प्रभुनाथ शुक्ल/भदोही। भदोही जिले में परदेशियों के गाँव पहुँचने के साथ यह खतरा और बढ़ गया है। शुक्रवार को तीन और कोरोना पॉजिटिव मरीजों के पाए जाने के बाद जिले में अब 14 धनात्मक संक्रमित हो गए हैं। जीयनपुर गाँव में दो जबकि मुम्बई से आए रघुरामपुर (रमईपुर) में एक और संक्रमित मिलने से उस परिवार में यह संख्या चार पर जा पहुँची है।
भदोही जिले के ऊंज थाना क्षेत्र के रघुरामपुर (सरावां, रमईपुर ) गाँव में कुछ दिन पूर्व एक परिवार मुम्बई से अपनी निजी गाड़ी से घर आया था। परिवार में तेज बुखार और खांसी से संक्रमित पाए जाने पर स्वस्थ्य विभाग ने परिवार के सभी 16 सदस्यों को एकांतवास में रखा है। परिवार में किसी वृद्ध की कोरोना संक्रमण से मुम्बई में मौत हुई थी। जिसके बाद लोग अंतिम संस्कार की धार्मिक परंपरा के निर्वहन के लिए गाँव आए थे। शुक्रवार को एक- एक कर परिवार के सभी लोगों की जांच रिपोर्ट आ गई। परिवार में एक और व्यक्ति के पॉजिटिव पाए जाने से मरीजों की संख्या चार हो गई है। 12 वर्षीय बच्चा के साथ उसकी मां, चाची और दादा भी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इस गाँव को सील कर दिया गया था।
भदोही जिले के ज्ञानपुर तहसील के जीयनपुर गांव में दो लोगों के कोरोना पॉजिटिव मिले हैं, जिसमें एक महिला और एक पुरुष हैं। दोनों वृद्ध बताए गए हैं। ज्ञानपुर तहसीलदार देवेंद्र कुमार यादव गाँव में पहुँच कर बस्ती को सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दिया है। मुख्यचिकित्साधिकारी डा.लक्ष्मी सिंह ने बताया है कि तीन लोग पॉजिटिव मिले हैं। अभी उनकी बाकि डिटेल नहीँ मिल पाई है। मरीजों की संख्या कुल 14 हो गई है जिसमें तीन लोग ठीक हो चुके हैं।

