- आरोग्य सेतु डाउनलोड कराने का आदेश बना सरकार की मुसीबत
- जिलाधिकारी ने निर्देश को बदला, जिलाबेसिक शिक्षाधिकारी ने आगे बढ़ाया आदेश
प्रभुनाथ शुक्ल/भदोही। भदोही जिलाधिकारी के आरोग्य सेतु ऐप डाउनलोड कराने और लोगों से प्रधानमंत्री केयर फंड में 100 रुपए की सहयोग की अपील पर अब राजनीति शुरू हो गई हैं। जिसमें काँग्रेस महासचिव सबसे आगे निकलती दिखती हैं। उन्होंने जिलाधिकारी के उस आदेश की कॉपी डाल ट्वीट के ज़रिए योगी सरकार पर बड़ा हमला बोला है।
अपने ट्वीट में एक सुझाव शीर्षक से ट्वीट करते हुए उन्होंने लिखा है। ‘जब जनता त्राहिमाम कर रही है। राशन, पानी, नकदी की किल्लत है। और सरकारी महकमा सबसे सौ सौ रुपए पीएम केयर के लिए वसूल रहा है तब हर नजरिए से उचित रहेगा कि पीएम केयर की सरकारी ऑडिट भी हो ? देश से भाग चुके बैंक चोरों के 68,000 करोड़ माफ हुए उसका हिसाब होना चाहिए’।
काँग्रेस महासचिव प्रियंका गाँधी ट्वीट के बाद सियासी बवाल मचना तय है। निश्चित रुप से योगी सरकार के खिलाफ सियासत तेज हो सकती है। जिलाधिकारी को इसकी कीमत भी चुकानी पड़ सकती है। अब देखना है कि योगी सरकार किस तरह का क़दम उठाती है। प्रियंका ने यह ट्वीट 12: 41 बजे दोपहर किया है। इसे अब तक 2772 लोगों ने रिट्वीट और 2743 ने टिप्पणी और 9082 लोग अब तक उसे लाइक कर चुके हैं।
जिलाधिकारी भदोही राजेंद्र प्रसाद ने 28 अप्रैल को
अफसरों को एक आदेश जारी कर आम लोगों को आरोग्य सेतु ऐप डाउनलोड कराने का आदेश दिया था। अफसरों को दिए गए आदेश में कहा गया है कि आरोग्य सेतु डाउनलोड कराने के बाद 100 रुपए का सहयोग प्रधानमंत्री केयर फंड में सुनिश्चित कराएँ। जिस पर जिलाधिकारी घिर गए। लेकिन इस बाध्यता से उन्होंने साफ इनकार किया है। जिलाधिकारी ने कहा है कि लोगों से मेरी यह अपील है आदेश नहीँ है। सहयोग देना या न देना उनकी इच्छा पर है। विवाद मचने के बाद 29 अप्रैल को जिलाधिकारी संशोधित आदेश जारी किया। जिलाधिकारी के इसी आदेश को जिलाबेसिक शिक्षाधिकारी ने सभी खंडशिक्षाधिकारी को जारी किया है। उसमें भी प्रधानमंत्री केयर फंड में 100 सहयोग की बात कही गई है। यह आदेश जिलाबेसिक शिक्षाधिकारी के यहाँ से पुनः 29 और 30 अप्रैल को संशोधित आदेश जारी किया गया है।
जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने जिले की तीनों तहसील के उपजिलाधकारी , जिलाविकास अधिकारी, जिला पंचायत अधिकारी, जिलाबेसिक शिक्षाधिकारी, जिला कृषि, जिलापूर्ति और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आरोग्य सेतु ऐप डाउनलोड कराने का आदेश दिया है।जिसमें सभी अधिकारियों को दस हजार से लेकर बीस हजार लोगों तक का लक्ष्य दिया गया था। तकरीब एक लाख 40 हजार का लक्ष्य दिया गया है। जिलाधिकारी की तरफ़ से जारी आदेश में कहा गया है कि आरोग्य सेतु डाउनलोड कराते समय 100 रुपए का योगदान सुनिश्चित करें। यह आदेश 28 अप्रैल का है। अभियान को 01 मई तक चलना था। पहली मई को जिलाधिकारी इसकी समीक्षा भी करते। लेकिन जिलाधिकारी का यह आदेश उनके गले की फांस बन गया। मीडिया में यह खबरें भी चलाई गई कि जिलाधिकारी ने आरोग्य सेतु डाउनलोड करने वालों से सौ रुपए चंदा लेने का आदेश दिया है।
भदोही जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि इस तरह का कोई आदेश नहीँ जारी किया गया है। हमने इस तरह का कोई आदेश नहीँ दिया है। कोरोना संक्रमण और राष्ट्रीयहित को देखते हुए सामान्य अपील की है। कोरोना संक्रमण से देश जूझ रहा है। अगर आप चाहें तो प्रधानमंत्री केयर फंड में अपनी स्वेच्छा से 100 का दान कर सकते हैं। किसी पर कोई दबाव नहीँ है। कुछ जगह गलत ख़बरें चलाई गई हैं। यह मेरी अपील है आदेश नहीँ। अपील को गलत तरीके से पेश किया गया। जिलाधिकारी भदोही ने बताया कि जिले की आबादी तक़रीबन 20 लाख है जिसमें अब तक 75 हजार लोगों ने आरोग्य सेतु डाउनलोड किया है। लेकिन अब प्रियंका वाड्रा गाँधी के ट्वीट के बाद सियासी बावेला मचना तय है जिसकी कीमत जिलाधिकारी भदोही को चुकानी पड़ सकती है।

