मुंबई:वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (कोविड-19) को रोकने के लिए देशव्यापी लॉकडाउन की वजह से महाराष्ट्र में फंसे प्रवासी मजदूरों को मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने यह भरोसा दिलाया है कि इस मुद्दे पर वे केंद्र सरकार से बात कर रहे हैं। उन्होंने रविवार (26 अप्रैल) को कहा, “मैं प्रवासी मजदूरों को विश्वास दिलाता हूं कि मैं केंद्र से बात कर रहा हूं और जो भी संभव होगा वह जल्द ही किया जाएगा। एक बात तय है कि ट्रेनें शुरू नहीं हो रही हैं क्योंकि हम भीड़ नहीं चाहते हैं, वरना लॉकडाउन को और बढ़ाने की जरूरत होगी।”
कुछ दिन पहले मुंबई के बांद्रा में रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन चलने की अफवाह के चलते घर जाने के लिए वहां प्रवासी मजदूरों की भीड़ जमा हो गई थी। उन्हें समझाने के लिए पहुंची पुलिस से मजदूरों की झड़प भी हुई। हालांकि बाद में काफी मशक्कत के बाद सभी मजदूर लौट गए थे। उस वक्त उद्धव ठाकरे ने मजदूरों को आश्वासन दिया था कि घर वापसी होने तक उन्हें परेशान होने की जरूरत नहीं है। राज्य सरकार उनके खाने-पीने का पूरा इंतजाम करेगी।
इसके साथ ही उद्धव ने कहा कि राज्य में 82 प्रतिशत ऐसे मरीज हैं, जिनमें कोरोना के लक्षण नजर नहीं आ रहे हैं। उन्होंने कहा, “महाराष्ट्र में 80 फीसद रोगियों में कोविड-19 के लक्षण नहीं दिख रहे हैं, जबकि 20 प्रतिशत मरीजों में हल्के और गंभीर लक्षण सामने आए हैं। हमें यह देखना होगा कि इनलोगों को कैसे सुरक्षित करना है। ऐसे लोग जो कोरोना को छिपा रहे हैं और जांच नहीं करा रहे हैं… अगर आपमें कोरोना के लक्षण हैं, तो जाएं और जांच कराएं।”
वहीं, महाराष्ट्र सरकार राज्य के कोरोना वायरस से प्रभावित शहरी इलाकों में लॉकडाउन को तीन मई के बाद भी बढ़ा सकती है। राज्य के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को कहा कि राज्य सरकार मुंबई, पुणे, नासिक, नागपुर, औरंगाबाद और अमरावती शहरों के बाहर के इलाकों में स्थिति पर करीब से नजर रखी है। उन्होंने कहा, “शहर ही हैं जहां कोविड-19 के ज्यादा मामले हैं। अगर राज्य को बंद के मौजूदा सख्त नियमों में छूट देनी होगी तो यह राज्य के ग्रामीण और कम प्रभावित इलाकों में दी जाएगी। हालांकि हम इसे देख रहे हैं क्योंकि ग्रामीण और शहरी इलाके जुड़े हुए हैं।”
26 अप्रैल को महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के 811 नए मामले सामने आए। इसके साथ, महाराष्ट्र में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले 7,628 तक पहुंच गए। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार इन मामलों में 1,076 ठीक हो गए हैं और 323 की मौत हो गई है।

