नई दिल्ली: लॉकडाउन के दूसरे फेज में कोरोनावायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि बीते 24 घंटे में 1752 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इसके साथ देश में संक्रमितों का आंकड़ा 23452 हो गया है। यह एक दिन में मरीजों की सबसे ज्यादा संख्या है। इससे पहले एक दिन में सबसे ज्यादा 1580 मरीज 19 अप्रैल को सामने आए थे। इसके अलावा 22 अप्रैल को 1272, 21 अप्रैल को 1537 और 18 अप्रैल को 1371 पॉजिटिव मिले थे।
देश में इस वायरस से मरने वालों की संख्या भी बढ़कर 723 हो गई है। 24 घंटे में 37 मरीजों ने दम तोड़ा है। दिन में सरकार ने बताया था कि अब तक 4748 मरीज स्वस्थ हुए हैं। इस दौरान रिकवरी रेट भी बढ़कर 20.57 फीसदी हो गया। जो सबसे ज्यादा है। सरकार के मंत्रालयों की साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि लॉकडाउन के पहले हफ्ते में 1251 मामले आए, इसका डबलिंग रेट 5.2 दिन था। यानी 5.2 दिन में मामले दोगुना हो रहे थे। मौजूदा समय में यह दर 9.2 दिन हो गई है। अगर लॉकडाउन लागू नहीं होता तो हम आज 73 हजार मामलों तक पहुंच जाते।
यूपी सरकार दूसरे राज्यों में फंसे मजदूरों को वापस लाएगी
उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लॉकडाउन की वजह से दूसरे राज्यों में फंसे प्रवासी मजदूरों को वापस लाने का फैसला किया है। इसमें वे मजदूर शामिल होंगे जिन्होंने 14 दिन की क्वारैंटाइन अवधि पूरी की है। उत्तरप्रदेश लाने से पहले इन मजदूरों का संबंधित राज्यों में ही कोरोना टेस्ट होगा। इसके बाद इन्हें यूपी सीमा तक लाया जाएगा। यहां से इन्हें यूपी सरकार संबंधित जिलों तक पहुंचाएगी। जहां वे 14 दिन फिर से क्वारैंटाइन में रहेंगे। इन मजदूरों को भरण पोषण के लिए अलग से 1 हजार रुपए और राशन किट भी देगी।
कोरोना संक्रमण से जुड़े अहम अपडेट
- केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने कहा है कि चीन और अन्य देशों से आईं खराब एंटीबॉडी रैपिड टेस्ट किट वापस की जाएंगी। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इनका अभी कोई भुगतान नहीं किया गया है। इन किट के नतीजों पर पश्चिम बंगाल, फिर राजस्थान से शिकायतें आई थीं। इसके बाद इंडियन मेडिकल काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) ने इससे जांच करने पर दो दिन की रोक लगा दी थी।
- दिल्ली में एक मां ने अपने नवजात का नाम कॉन्स्टेबल के नाम पर दयावीर रखा। इसी कॉन्स्टेबल ने महिला को डिलिवरी के लिए अस्पताल पहुंचाया था। इस पर कॉन्स्टेबल ने कहा- मुश्किल घड़ी में मैं गर्भवती महिला की मदद कर पाया, यह मेरे लिए गर्व की बात है।
- दिल्ली में कोरोना के 4 गंभीर मरीजों पर कोरोना थैरेपी अपनाई गई। इसके अच्छे नतीजे मिले हैं। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिन मरीजों पर यह थैरेपी अपनाई गई, वे सभी लोक नायक जयप्रकाश नारायण अस्पताल (एलएनजेपी) में भर्ती हैं। मुख्यमंत्री ने पहले ठीक हो चुके मरीजों से ब्लड प्लाज्मा दान करने की अपील की है।
- गोवा, अरुणाचल प्रदेश और मणिपुर के बाद त्रिपुरा भी कोरोना मुक्त हो गया है। हालांकि, यहां काफी कम मरीज थे। गोवा में 7, अरुणाचल में 2, जबकि मणिपुर और त्रिपुरा में 1-1 व्यक्ति संक्रमित पाया गया था।
संक्रमितों की संख्या 24 हजार के पार
देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 24 हजार 427 हो गई है। शुक्रवार को महाराष्ट्र में 390, दिल्ली में 138, गुजरात में 191, तमिलनाडु में 72, उत्तरप्रदेश में 111, राजस्थान में 44, बिहार में 44 और ओडिशा में एक मरीज की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। ये आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के अनुसार हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में संक्रमितों की कुल संख्या 23 हजार 452 है। इनमें से 17 हजार 915 का इलाज चल रहा है, 4813 ठीक हुए हैं और 723 की मौत हुई है।
5 दिन जब संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले आए
| दिन | मामले |
| 23 अप्रैल | 1667 |
| 19 अप्रैल | 1580 |
| 21 अप्रैल | 1537 |
| 18 अप्रैल | 1371 |
| 22 अप्रैल | 1292 |
27 राज्यों और 7 केंद्र शासित प्रदेशों में फैला संक्रमण
कोरोनावायरस अब तक देश के 27 राज्यों में पैर पसार चुका है। वहीं, देश के 7 केंद्र शासित प्रदेश (यूटी) में भी यह संक्रमण पहुंच चुका है। इनमें दिल्ली, चंडीगढ़, अंडमान-निकोबार, दादरा एवं नगर हवेली, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और पुडुचेरी शामिल हैं।
| राज्य | कितने संक्रमित | कितने ठीक हुए | कितनी मौत |
| महाराष्ट्र | 6817 | 957 | 310 |
| दिल्ली | 2514 | 853 | 53 |
| तमिलनाडु | 1755 | 866 | 22 |
| मध्यप्रदेश | 1846 | 210 | 92 |
| राजस्थान | 2034 | 473 | 31 |
| गुजरात | 2815 | 265 | 127 |
| उत्तरप्रदेश | 1621 | 226 | 25 |
| तेलंगाना | 970 | 262 | 25 |
| आंध्रप्रदेश | 955 | 141 | 27 |
| केरल | 450 | 316 | 3 |
| कर्नाटक | 474 | 145 | 18 |
| जम्मू-कश्मीर | 454 | 92 | 5 |
| पश्चिम बंगाल | 514 | 103 | 18 |
| हरियाणा | 275 | 183 | 3 |
| पंजाब | 298 | 70 | 17 |
| बिहार | 214 | 44 | 2 |
| ओडिशा | 94 | 33 | 1 |
| उत्तराखंड | 48 | 25 | 0 |
| हिमाचल प्रदेश | 40 | 18 | 1 |
| असम | 36 | 19 | 1 |
| छत्तीसगढ़ | 36 | 28 | 0 |
| झारखंड | 59 | 8 | 3 |
| चंडीगढ़ | 29 | 14 | 2 |
| लद्दाख | 18 | 14 | 0 |
| अंडमान-निकोबार | 27 | 11 | 0 |
| मेघालय | 12 | 0 | 1 |
| गोवा | 7 | 7 | 0 |
| पुडुचेरी | 7 | 4 | 0 |
| मणिपुर | 2 | 1 | 0 |
| त्रिपुरा | 2 | 1 | 0 |
| अरुणाचल प्रदेश | 1 | 1 | 0 |
| मिजोरम | 1 | 0 | 0 |
| नगालैंड | 1 | 0 | 0 |
ये आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के अनुसार हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में संक्रमितों की कुल संख्या 23 हजार 452 है। इनमें से 17 हजार 915 का इलाज चल रहा है, 4813 ठीक हुए हैं और 724 की मौत हुई है।

