लंदन:इंग्लैंड के पूर्व ऑलराउंडर पीटर वॉकर का सोमवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वो 84 वर्ष के थे। वो ग्लेमोर्गन क्लब की ओर से फर्स्ट क्लास क्रिकेट खेला करते थे। पीटर ने 1956 में फर्स्ट क्लास क्रिकेट खेलना शुरू किया था उससे पहले वो मर्चेंट नेवी में काम किया करते थे। पीटर मध्यक्रम के एक आक्रामक बल्लेबाज होने के साथ बांए हाथ के स्पिन गेंदबाज भी थे।
फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 697 कैच लपक चुके हैं पीटर
शानदार बल्लेबाजी और गेंदबाजी करने के अलावा पीटर एक बेहतरीन फील्डर भी थे। उन्होंने अपने फर्स्ट क्लास क्रिकेट करियर में 697 कैच पकड़े। वो स्लिप और शॉर्ट लेग पर एक शानदार फील्डर थे। इंग्लैंड की ओर से पीटर ने 24 वर्ष की उम्र में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपना डेब्यू टेस्ट खेला था। एजबेस्टन में खेले गए इस टेस्ट में पीटर ने 9 और 37 रन बनाए। इसके बाद लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेले गए सीरीज के एक अन्य टेस्ट में पीटर ने अपने करियर का इकलौता अर्धशतक लगाया। पीटर इंग्लैंड की ओर से केवल तीन टेस्ट ही खेल सके जिसके बाद उन्हें टीम में जगह नहीं मिल सकी।
क्रिकेट प्रशासक भी रह चुके हैं पीटर
इसके बाद पीटर ने ग्लेमोर्गन की ओर से फर्स्ट क्लास क्रिकेट में खेलना शुरू किया। 1969 की काउंटी चैंपियनशिप में ग्लेमोर्गन ने अजेय रहते हुए खिताब पर कब्जा किया। पीटर ने 1972 में फर्स्ट क्लास क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। इसके बाद पीटर एक प्रशासक के तौर पर क्रिकेट से जुड़ गए। वेल्स के लिए नेशनल क्रिकेट सेंटर के निमार्ण में पीटर का अमूल्य योगदान रहा। 2010 में उन्हें क्रिकेट में योगदान के लिए एमबीई से नवाजा गया। पीटर के निधन पर उनके परिजनों के अलावा क्लब और फैन्स ने शोक व्यक्त किया है।

