मुंबई। उच्च न्यायालय के आदेश पर रेल स्टेशन परिसर में यात्रियों की हिफाज़त के लिए बनाया गया वन रूपी क्लीनिक अब कोरोना संभावित लोगों का टेस्ट फ्री में करने जा रहा है। फिलहाल मुंबई उपनगरीय सेवा के 18 रेल स्टेशन पर यह सुविधा उपलब्ध होगी। मुंबई के जाने माने आरटीआई एक्टीविस्ट अनिल गलगली ने सोशल मीडिया के जरिए यह जानकारी दी।
जानकारी के अनुसार, वन रूपी क्लीनिक के प्रमुख डॉ राहुल घुले ने बताया कि आज बड़े पैमाने पर लोग कोरोना से भयभीत हैं। ऐसे में लोग हिचक भी रहे हैं। अगर किसी को इस संबंध में कोई भी टेस्ट करनी हो तो वे वन रूपी क्लीनिक में आकर फ्री में करवा सकते हैं। अगर मामला संदेहास्पद हो तो वे ताबड़तोड़ उसे कस्तूरबा अस्पताल में आगे की पुष्टि के लिए रवाना करेंगे। आरटीआई कार्यकर्ता अनिल गलगली ने वन रूपी क्लीनिक की पहल का स्वागत किया। बताते चलें कि वर्तमान में वन रूपी क्लीनिक मुंबई के कुर्ला, चेंबूर, मानखुर्द, पनवेल, भांडुप, ठाणे, कलवा, मुंब्रा, डोंबिवली, टिटवाला, उल्हासनगर, अंबरनाथ, मुंबई सेंट्रल, नायगाव, ग्रांट रोड, नालासोपारा, विरार और पालघर आदि उपनगरीय रेलवे स्टेशनों पर कार्यरत हैं।
कोरोना संभावितों का टेस्ट फ्री में करेगा मुंबई का वन रूपी क्लीनिक

