मुंबई:देशभर में कोरोना वायरस के सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र में सामने आए हैं। यहां अब तक कुल 49 मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें से एक की मौत भी हो गई है। इसी को ध्यान में रख हुए मध्य रेलवे और पश्चिम रेलवे दोनों ने शुक्रवार से मुंबई में वातानुकूलित लोकल ट्रेनों की सेवाओं पर रोक लगाने का फैसला किया है। इसके अलावा मध्य रेलवे ने 30 और उपनगरीय ट्रेनों को 1 अप्रैल तक रद्द कर दिया है।
पश्चिम रेलवे के एक प्रवक्ता ने कहा कि वातानुकूलित लोकल ट्रेन सेवाएं अगले आदेश तक रद्द रहेंगी। उन्होंने बताया कि उनके स्थान पर साधारण ट्रेन सेवाएं दी जाएंगी। मध्य रेलवे के एक प्रवक्ता ने कहा कि ठाणे-वाशी-पनवेल ट्रांस हार्बर गलियारे पर एसी लोकल सेवाओं पर मार्च अंत तक रोक रहेगी।
सेंट्रल रेलवे ने 1 अप्रैल तक रोकी उपनगरीय ट्रेन
पश्चिम रेलवे चर्चगेट और विरार के बीच 12 वातानुकूलित ट्रेनों का परिचालन करता है, जिनमें व्यस्ततम वक्त में बहुत भीड़ रहती है। वहीं, मध्य रेलवे हर दिन इस गलियारे पर 16 वातानुकूलित ट्रेनों का परिचालन करता है। इसके अलावा मध्य रेलवे ने 30 और उपनगरीय ट्रेनों को 1 अप्रैल तक रद्द कर दिया है।
एक अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि वैश्विक महामारी के चलते लोगों को अनावश्यक यात्राओं से बचने के लिए कहा गया है, जिसके चलते इन ट्रेनों में न के बराबर यात्री सफर कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह फैसला रेलवे बोर्ड के निर्देश के आधार पर लिया गया है। इसके अलावा राज्य के सभी स्कूलों और कॉलेजों को बंद कर दिया गया है। खुद सीएम उद्धव ठाकरे ने अपील की है कि जितना संभव हो सके, लोग अपने घरों से ही दफ्तर का काम करें। महाराष्ट्र के पुणे में कोरोना वायरस के सबसे ज्यादा मामले सामने आए हैं।
31 मार्च तक के लिए बंद हुई मुंबई की एसी लोकल ट्रेन सेवा

