नई दिल्ली:चेन्नई के लोग कोरोना वायरस को लेकर जिस तरह की लापरवाही दिखा रहे हैं, भारत के ऑफ स्पिनर रविचन्द्रन अश्विन उसे लेकर खासा निराश हैं। पूरे विश्व भर में फैली बीमारी कोरोना वायरस के कारण तमाम स्वास्थ एजेंसियों ने लोगों से आपस में दूरी बनाने को कहा है। अश्विन का कहना है कि तमिलनाडु के लोग इस चीज को मान नहीं रहे हैं, क्योंकि उनका मानना है कि गर्मी कोरोना वायरस के प्रभाव को अपने आप कम कर देगी।
अश्विन ने रविवार को लिखा कि मैं दूसरे तरीके से कहूं तो चेन्नई में अभी तक आपस में दूरी बनाने वाली बात पर अमल नहीं किया गया है। इसका एक कारण यह है कि लोगों को लगता है कि गर्मी इस बीमारी को कम कर देगी और उनका विश्वास है कि कुछ नहीं होगा। इससे पहले भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली ने लोगों से इस बीमारी को लेकर सावधान रहने की अपील की है।
दुनियाभर में महामारी घोषित किए जा चुके खतरनाक कोरोना वायरस से खेल जगत में हाहाकार मच चुका है और एक के बाद एक खेल आयोजनों को रद्द किया जा रहा है। कई जगह खेल टूर्नामेंट को दर्शकों के बिना कराया जाएगा जबकि कई आयोजन पूरी तरह रद्द कर दिए गए हैं।
चेन्नई के लोग दिखा रहे कोरोना वायरस को लेकर लापरवाही, अश्विन हुए निराश

