नई दिल्ली:पाकिस्तान और बांग्लादेश के क्रिकेट बोर्ड ने दुनिया भर में फैली कोविड-19 महामारी के संक्रमण के खतरे के कारण कराची में आगामी एकदिवसीय इंटरनेशनल मुकाबले और टेस्ट मैच को सोमवार को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करने का फैसला किया। बांग्लादेश को एक अप्रैल को वनडे इंटरनेशनल मैच और पांच से नौ अप्रैल तक दूसरा आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप मैच खेलने के लिए 29 मार्च को कराची आना था।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने अपने बयान में कहा है कि दोनों बोर्ड आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप प्रतिबद्धता को पूरा करने के लिए अब एक साथ मिलकर काम करेंगे और भविष्य की तारीख तय करेंगे। सीरीज का पहला टेस्ट मैच सात से 10 फरवरी तक रावलपिंडी में खेला गया था जिसे पाकिस्तानी ने पारी और 44 रन से जीता था। पीसीबी ने पाकिस्तान कप वनडे टूर्नामेंट को भी अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया है जो 24 मार्च से खेला जाना था।
इससे पहले कोरोना वायरस के चलते भारत-साउथ अफ्रीका वनडे सीरीज, ऑस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड वनडे और टी-20 सीरीज औऱ इंग्लैंड-श्रीलंका टेस्ट सीरीज भी रद्द हो गए हैं। इसके अलावा पीसीबी ने पाकिस्तान सुपर लीग के शेड्य़ूल में भी बदलाव किया था। 14 विदेशी क्रिकेटर लीग को छोड़कर वापस अपने देश लौट चुके हैं।

