नई दिल्ली:वीवीएस लक्ष्मण और राहुल द्रविड़ के नाम का जिक्र जब भी आता है, जेहन में सबसे पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कोलकाता में खेली गई उनकी शानदार पारियां याद आती हैं। आज ही के दिन 2001 में भारत ने ऑस्ट्रेलिया के लगातार 16 टेस्ट जीत के अभियान को तोड़ा था। कोलकाता में लक्ष्मण और राहुल द्रविड़ ने वो करिश्मा कर दिखाया था, जिसकी किसी को उम्मीद नहीं थी। यह भारत की टेस्ट क्रिकेट की एक यादगार जीत थी।
ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेले गए इस मैच में टीम इंडिया को फॉलोऑन झेलना पड़ा था और ऐसा लग रहा था कि ऑस्ट्रेलिया बड़ी ही आसानी से ये लगातार 17वां टेस्ट जीत लेगा। गेंदबाजी में हरभजन सिंह ने कमाल दिखाया तो बल्लेबाजी में लक्ष्मण और द्रविड़ ने मिलकर ऑस्ट्रेलिया बॉलिंग अटैक की धज्जियां उड़ा दी थीं। दोनों के बीच 376 रनों की पार्टनरशिप ने भारत को ऐतिहासिक जीत दिलाई थी। बल्लेबाजी में सचिन तेंदुलकर ने भी अच्छा प्रदर्शन किया था।कोलकाता में ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 445 रन बनाए, जवाब में भारतीय टीम 171 रनों पर ही सिमट गई। ऑस्ट्रेलिया ने भारत को फॉलोऑन के लिए मजबूर किया। टीम इंडिया जब दोबारा बल्लेबाजी के लिए आई, तो 115 रनों तक तीन विकेट गंवाकर मुश्किल में नजर आ रही थी।
लक्ष्मण ने पहले सौरव गांगुली के साथ 117 रनों की साझेदारी निभाई और फिर द्रविड़ के साथ 376 रनों की। भारत ने सात विकेट पर 657 रनों पर पारी घोषित कर ऑस्ट्रेलिया को 383 रनों का लक्ष्य दिया। हरभजन सिंह की शानदार गेंदबाजी के सामने ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी 212 रनों पर ही सिमट गई और भारत ने टेस्ट 171 रनों से जीत लिया।
वहीं, राहुल द्रविड़ को टेस्ट क्रिकेट में अब तक खेली गई पारियों में वीवीएस लक्ष्मण की 281 रनों वाली पारी सबसे सर्वश्रेष्ठ लगती है। । राहुल द्रविड़ ने कहा था कि उन्हें ऐसा लगता है कि वीवीएस लक्ष्मण की 2001 में ईडन गॉर्डन्स में खेली गई 281 रन की पारी किसी भी भारतीय बल्लेबाज द्वारा टेस्ट क्रिकेट में खेली गई सर्वश्रेष्ठ पारी है।

