नई दिल्ली:भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज आज से धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम से शुरू हो रही है। भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ पिछली ही वनडे सीरीज में 3-0 के अंतर से क्लीन स्वीप झेलना पड़ा था। भारतीय टीम स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या के आने से काफी संतुलित नजर आ रही है। हार्दिक पांड्या की लगभग छह महीने बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी हुई है। स्टार ऑलराउंडर के पास प्रोटियास टीम के खिलाफ पहले मैच में एक खास रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका है। हार्दिक पांड्या धर्मशाला में होने वाले वनडे सीरीज के पहले मैच में अगर 43 रन बना लेते हैं तो वनडे क्रिकेट में 1000 रन और 50 विकेट लेने वाले 13वें भारतीय क्रिकेटर बन जाएंगे।
हार्दिक पांड्या द्वारा खेले गए आखिरी मैचों की बात करें तो उन्होंने वनडे मैच मैनचेस्टर में खेला था जब टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा था। इसके अलावा साउथ अफ्रीका के खिलाफ पिछले साल ही बेंगलुरु में टी-20 मैच खेला था।
लोअर बैक की सर्जरी कराने के बाद पांड्या को लंबे समय तक क्रिकेट मैदान से दूर रहना पड़ा है। सर्जरी के बाद पांड्या का वजन काफी कम हो गया था। पांड्या ने पिछले तीन महीने में अपना वजन 68 से 75 किलोग्राम तक पहुंचाया है।
हार्दिक पांड्या ने भारत के लिए 11 टेस्ट, 54 वनडे इंटरनेशनल और 40 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। उनके खाते में 532 टेस्ट, 957 वनडे इंटरनेशनल और 310 टी20 इंटरनेशनल रन दर्ज हैं। इसके अलावा वो 17 टेस्ट, 54 वनडे इंटरनेशनल और 38 टी20 इंटरनेशनल विकेट भी ले चुके हैं।

