नई दिल्ली:भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज का पहला मैच आज धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ (एचपीसीए) स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच पर कोरोना वायरस के साथ-साथ बारिश का खतरा भी मंडरा रहा है। एचपीसीए अधिकारी ने कहा, ”कोरोना वायरस के साथ-साथ बारिश भी एक मुद्दा है, लेकिन मौसम हमारे हाथ में नहीं है, लेकिन बारिश की स्थिति में हमारे पास मैदान को दो घंटे मे तैयार करने के लिए उपकरण हैं।”
नोवेल कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे और बारिश की आशंका के बीच शुरू हो रही इस सीरीज के लिए भारतीय टीम में हार्दिक पांड्या की वापसी से कप्तान विराट कोहली को बेहतर विकल्प मिलेंगे। भारतीय टीम पिछली सीरीज में न्यूजीलैंड के खिलाफ 0-3 की करारी शिकस्त से उबरने की कोशिश भी करेगी।
धर्मशाला में कुछ ऐसा रहेगा मौसम का मिजाज
धर्मशाला में मंगलवार रात से बारिश हो रही है। बुधवार को टीमों के अभ्यास सत्र के बाद भी यहां तेज बारिश हुई, जिसके कारण पूरे मैदान को ढकना पड़ा। स्थानीय लोगों, प्रशंसकों और आयोजकों ने स्टेडियम के समीप स्थिति इंद्रुनाग मंदिर में प्रार्थना भी की है। इंद्रुनाग बारिश के स्थानीय देवता हैं। गुरुवार की बात करें तो 100 फीसदी बारिश और तूफान के आसार हैं। वैसे इस स्टेडियम का ड्रैनेज सिस्टम शानदार है, लेकिन पूरे दिन बारिश होती है तो मैच धुल सकता है। धर्मशाला में गुरुवार का दिन ठंडा रहेगा। तापमान 7 से 11 डिग्री सेल्सियस तक रहने की उम्मीद है।
कुछ ऐसा है एचपीसीए की पिच का हाल
धर्मशाला मैदान की पिच हमेशा से बल्लेबाजों के लिए मददगार रही है। इस बार भी पिच के कुछ अलग होने की संभावना नहीं है। मौसम की वजह से तेज गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिल सकती है। पिच में बाउंस अच्छा है, जिससे गेंद शानदार तरीके बल्ले पर आएगी। ऐसे में स्ट्रोक मारने वाले खिलाड़ियों को अच्छी मदद मिलेगी।
रिकॉर्ड बुक पर एक नजर
दक्षिण अफ्रीका धर्मशाला में अपना पहला वनडे खेलेगी जबकि भारत ने इस मैदान पर अब तक चार में से दो मैच गंवाए हैं और दो में उसे जीत मिली। इस मैदान पर बाद में खेलने वाली टीमों ने चार में से तीन मैच जीते हैं।
टीमें इस प्रकार हैं:
भारत: विराट कोहली (कप्तान), शिखर धवन, पृथ्वी साव, केएल राहुल, मनीष पांडे, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत, हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, भुवनेश्वर कुमार, युजवेंद्र चहल, जसप्रीत बुमराह, शुभमन गिल, नवदीप सैनी और कुलदीप यादव।
दक्षिण अफ्रीका: क्विंटन डिकाक (कप्तान), टेम्बा बावुमा, रेसी वान डार डुसेन,फैफ डुप्लेसी, काइल वेरीने, हेनरिक क्लासेन, जेनमैन मलान, डेविड मिलर, जॉन-जॉन स्मट्स, एंडिले फेहलुकवायो, लुंगी एनगिडी, लूथो सिपामला, एनरिच नॉर्टजे, ब्युरोन हेंड्रिक्स, जार्ज लिंडे और केशव महाराज।

