नई दिल्ली:विश्व चैंपियन भारत की पीवी सिंधू ने प्रतिष्ठित ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन चैंपियनशिप में बुधवार को विजयी शुरुआत करते हुए महिला एकल के दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया जबकि किदाम्बी श्रीकांत पहले ही दौर में बाहर हो गए। छठी सीड सिंधू ने अमेरिका की बेईवेन झांग को 42 मिनट 21-14, 21-17 से हराकर दूसरे दौर में जगह बना ली। सिंधू ने 14वीं रैंकिंग की झांग के खिलाफ अपना करियर रिकॉर्ड 6-4 कर लिया है। सिंधू का दूसरे दौर में कोरिया की सुंग जी ह्यून के साथ मुकाबला होगा जिनके खिलाफ सिंधू का 8-8 का करियर रिकॉर्ड है।
पुरुष वर्ग में श्रीकांत की तीसरी सीड चीन के चेन लोंग से 43 मिनट में 15-21, 16-21 से पराजय का सामना करना पड़ा। श्रीकांत का इस हार के बाद लोंग के खिलाफ 2-7 का करियर रिकॉर्ड हो गया है। मिश्रित युगल में प्रणव जैरी चोपड़ा और एन सिक्की रेड्डी को पहले दौर में टॉप सीड चीनी जोड़ी झेंग सी वेई और हुआंग या कियोंग के हाथों 51 मिनट में 13-21, 21-11, 17-21 से हार का सामना करना पड़ा।
महिला युगल में अश्विनी पोनप्पा और सिक्की रेड्डी को विपक्षी जोड़ी के रिटायर होने से दूसरे दौर में प्रवेश मिल गया। भारतीय जोड़ी के खिलाफ इंग्लैंड की जोड़ी जैनी मूर और विक्टोरिया विलियम्स ने पहले गेम में पांच मिनट में 4-5 से पीछे रहने के बाद मैच छोड़ दिया। भारतीय जोड़ी का अगला मुकाबला सातवीं सीड जापानी जोड़ी मिसाकी मत्सुतोमो और अयाका ताकाहाशी से होगा।

