गुरुग्राम:कोरोना वायरस के विश्व स्तर पर फैलने के कारण प्रतिष्ठित इंडियन ओपन गोल्फ टूर्नामेंट को बुधवार को स्थगित कर दिया गया और आयोजकों ने वादा किया कि इसे साल में बाद में किसी समय आयोजित किया जा सकता है। यह टूर्नामेंट 19 से 22 मार्च के बीच यहां डीएलएफ गोल्फ एवं कंट्री क्लब में खेला जाना था।
एशियाई टूर ने बयान में कहा, ”भारत सरकार द्वारा यात्रा को लेकर जारी किए गए लोक स्वास्थ्य परामर्श के बाद इंडियन गोल्फ यूनियन, टूर्नामेंट के सहभागी एशियाई टूर और यूरोपीय टूर तथा टूर्नामेंट के मुख्य प्रायोजक हीरो मोटोकार्प लिमिटेड ने यह फैसला किया।”
कोरोना वायरस के कारण वैश्विक स्तर पर अभी तक 4000 लोगों की मौत हो चुकी है और एक लाख से अधिक लोग इससे प्रभावित हैं। भारत में भी अब तक 50 लोगों पर इसके संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है।
बयान में कहा गया है, ”सभी पक्ष साल में बाद में किसी समय टूर्नामेंट को फिर से आयोजित करने की संभावना पर गौर कर रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई निश्चित योजना नहीं है।”
कोरोना वायरस के कारण इंडियन ओपन गोल्फ टूर्नामेंट स्थगित

