नई दिल्ली:दक्षिण अफ्रीका के कोच मार्क बाउचर ने कहा कि भारत दौरे पर तीन मैचों की एकदिवसीय सीरीज में टीम को पूर्व कप्तान फैफ डुप्लेसी के लंबे समय तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के साथ आईपीएल में खेलने के अनुभव का फायदा मिलेगा।सीरीज का पहला मैच धर्मशाला में 12 मार्च को खेला जाएगा। डुप्लेसी ने पिछले साल इंग्लैंड में खेले गए विश्व कप में टीम के निराशाजनक अभियान के बाद से एकदिवसीय मैच नहीं खेला है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज में महज 24, 15 और पांच रन की पारियां खेलीं।
कोच बाउचर ने यहां से धर्मशाला रवाना होने से पहले आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा, ”जब आप भारत जैसे देश के दौरे पर आते हैं तो आपको टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों के बीच सामंजस्य बैठाना होता है। मुझे लगाता है फैफ (डुप्लेसी) वनडे क्रिकेट में दक्षिण अफ्रीका के लिए वास्तव में अच्छा कर रहे हैं। आखिरी बार जब वह खेले थे तब उन्हें शतक लगाया था। वह भारतीय परिस्थितियों को अच्छी तरह से जानते है।”
दक्षिण अफ्रीकी टीम सोमवार सुबह भारत पहुंची। टीम को मंगलवार को चार्टर्ड विमान से धर्मशाला रवाना होना है। बाउचर ने माना की डुप्लेसी के होने से उन्हें टीम चयन के लिए थोड़ी मशक्कत करनी होगी। उन्होंने कहा, ”यह अच्छा सिरदर्द है। उनके टीम में होने से काफी फायदा होगा, क्योंकि वह काफी अनुभवी हैं। उन्होंने भारतीय परिस्थितियों में शानदार प्रदर्शन किया है।”
भारत आने से पहले दक्षिण अफ्रीका को टी20 सीरीज में ऑस्ट्रेलिया से 1-2 से हार का सामना करना पड़ा जबकि उसने एकदिवसीय सीरीज को 3-0 से जीत कर सूपड़ा साफ किया। दक्षिण अफ्रीका के इस पूर्व विकेटकीपर ने कहा कि भारत दौरा विदेशी खिलाड़ियों के लिए काफी मुश्किल होता है। उनकी टीम के कई खिलाड़ी पहली बार भारत का दौरा कर रहे हो।
उन्होंने ने कहा, ”भारत में मुश्किल चुनौती मिलेगी। अलग-अलग तरह की परिस्थितियां होगी। हमारी टीम के ज्यादातर खिलाड़ी भारत में काफी कम खेले हैं।”

