ठाणे। तेरापंथ भवन, ठाणे के प्रांगण में प्रेक्षा प्राध्यापक प्रोफेसर मुनि श्री महेंद्र कुमार जी आदि ठाणा पांच के सानिध्य में भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री श्रीमान अर्जुनराम जी मेघवाल द्वारा स्पिरिचुअल टेक्नोलॉजी रिसर्च फ़ाउंडेशन का लोकार्पण किया गया। प्रो मुनि महेंद्रकुमारजी ने कहा कि इस फ़ाउंडेशन का आधार है आचार्य महाप्रज्ञ द्वारा प्रदत्त प्रज्ञामय आध्यात्मिक टेक्नॉलोजी जिससे स्वस्थ, संतुलित एवं शांतिमय विश्व का निर्माण संभव है।
लोकार्पण कार्यक्रम के कुशल संचालन की कमान मुनि श्री अभिजीत कुमार जी ने संभाली। कार्यक्रम का मंगलाचरण समस्त ठाणे महिला मंडल ने किया। श्री जयंतिलाल जी बरलोटा ने अतिथियों का स्वागत किया। श्री पीयूष नाहटा ने केंद्रीय मंत्री जी का विलक्षण परिचय दिया। मुनिश्री महेंद्रकुमारजी ने अध्यात्म टेक्नॉलोजी के प्रयोगों से स्वयं को डायबिटीज़ तथा टीबी जैसे रोगों से निवृत्त किया। ज्ञातव्य है कि वे 60 सीसी की रोज इंसुलिन लेते थे पर ध्यान, योग, प्राणायाम तथा तपस्या के द्वारा उन्होंने इस बीमारी से अपने आप को निवृत्त किया।
भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री श्रीमान अर्जुनरामजी मेघवाल ने लगभग 40 मिनट के अपने सारगर्भित वक्तव्य में अनुभव की झड़ी लगाई जिसमें उनके बचपन से आचार्य तुलसी के संपर्क का प्रभाव उनकी अणुव्रत के प्रति गहरी निष्ठा, आचार्य महाप्रज्ञ की कृपा दृष्टि तथा वर्तमान में आचार्य महाश्रमण जी द्वारा उन्हें तेरापंथी सांसद का संबोधन विशेष रहे। अपने वक्तव्य में उन्होंने बताया कि अध्यात्म और विज्ञान के इस फ़ाउंडेशन के उद्देश्य को वे प्रधानमंत्री मोदी जी के द्वारा पूरे भारतवर्ष और विश्व भर में प्रसारित करने का प्रयत्न करेंगे।
भजन सम्राट अनूप जलोटा तथा श्रीमती मीनाक्षी भूतोड़िया द्वारा गाए गए फ़ाउंडेशन के थीम सॉंग – भारत प्यारा देश हमारा का विमोचन किया गया । सुप्रसिद्ध गायिका सुश्री साक्षी होलकर ने अपनी प्रस्तुति से अच्छा समा बांध दिया।
मुनि श्री जागृत कुमार जी एवं मुनिश्री सिद्धकुमारजी ने अध्यात्म और ध्यान का महत्व बताया। प्रेक्षाध्यान के कुशल प्रवक्ता श्रीमान अरुण भाई झवेरी ने कहा कि अध्यात्म को जीवन में उतारने के लिए उसे सबकॉन्शियस माइंड तक पहुंचाना जरूरी है जिससे भावनात्मक परिवर्तन और अध्यवसाय शुद्धि सम्भव है।
भारत जैन महामंडल के अध्यक्ष श्री के सी जैन, JITO ठाणे चैप्टर के अध्यक्ष श्री महेंद्र जैन, रेमंड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री पोखरणा, जैन डॉक्टर्स फ़ेडरेशन के अध्यक्ष श्री भरतजी परमार तथा जैन स्कॉलर डॉ बिपिन डोसी ने सुंदर अभिव्यक्ति दी। वरिष्ठ प्रेक्षा प्रशिक्षक श्री पारस दुगड़ ने कांदीवली में आयोजित ९० दिन के शिविर में डायबिटीज़ के उपचार हेतु किये गये आध्यात्मिक प्रयोगों व उसके परिणामों के वैज्ञानिक नतीजों की प्रस्तुति दी।
ठाणे शहर के महापौर श्री नरेशजी म्हसके, विधायक श्री निरंजन डावखरे, मुंबई सभाध्यक्ष श्री नरेंद्र तातेड़, मुंबई महिला मंडल मंत्री श्रीमती स्वीटी लोढ़ा तथा समाज के अनेक गणमान्य व्यक्तियों एवं वरिष्ठ पत्रकारों की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम के सफल आयोजन में भिक्षु महाप्रज्ञ ट्रस्ट अध्यक्ष श्री निर्मल श्रिश्रीमाल, सभाध्यक्ष श्री देवीलाल श्रिश्रीमाल, फ़ाउंडेशन की ऊर्जावान टीम तथा ठाणे की समस्त युवक परिषदों व समस्त समाज का सराहनीय योगदान रहा।
भारत बनेगा विश्व गुरु, स्पिरिचुअल टेक्नोलॉजी रिसर्च फाउंडेशन का भव्य लोकार्पण समारोह

