कोलकाता:कोरोना वायरस का खेल प्रतियोगिताओं पर भी कहर जारी है और अब इस घातक बीमारी के कारण भारत का कतर के खिलाफ 26 मार्च को होने वाले 2022 फीफा विश्व कप क्वॉलिफायर मैच भी स्थगित कर दिया गया है। अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) के महासचिव कुशाल दास ने पीटीआई से कहा कि एशियाई चैंपियन के खिलाफ भुवनेश्वर में होने वाला मैच में स्थगित कर दिया गया है और नई तिथि अगले सप्ताह घोषित की जाएगी।
दास ने कहा, ”भारत का कतर के खिलाफ होने वाला मैच टाल दिया गया है। यह इस साल बाद में खेला जाएगा लेकिन नई तिथि पर अभी फैसला नहीं हुआ है।” अफगानिस्तान के खिलाफ नौ जून को होने वाले मैच की स्थिति के बारे में उन्होंने कहा, ”यह मैच भी स्थगित किया जाएगा।”
दास ने कहा कि भारत के विश्व कप क्वॉलिफायर में बाकी बचे मैचों की नई तिथियों का फैसला मंगलवार को एएफसी और एआईएफएफ अधिकारियों के बीच होने वाली बैठक में किया जाएगा। उन्होंने कहा, ”इस बैठक में अन्य मसलों के अलावा इन मैचों की नई तिथियों पर भी चर्चा की जाएगी।”
भारत ने अब तक क्वॉलिफायर में एक भी मैच नहीं जीता है और वह विश्व कप की दौड़ से बाहर हो चुका है। भारत को बांग्लादेश के खिलाफ ढाका में चार जून और अफगानिस्तान के खिलाफ नौ जून को कोलकाता में मैच खेलना है।
भारत को फीफा वर्ल्ड कप 2022 क्वॉलिफायर ग्रुप-ई में अपना अगला मुकाबला अब चार जून को ढाका में बांग्लादेश के खिलाफ खेलना है। इसके बाद भारतीय टीम नौ जून को कोलकाता में अफगानिस्तान की मेजबानी करेगी। कोरोना वायरस के कारण भारत और ताजिकिस्तान की फुटबॉल टीमों के बीच 31 मार्च को ताजिकिस्तान में होने वाला दोस्ताना मुकाबला भी कारण रद्द हो सकता है।

