मेलबर्न:आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप का खिताब किसके सिर सजेगा, इसका फैसला एक दिन के अंदर हो जाएगा। मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर 8 मार्च (इंटरनेशनल विमेंस डे) को मेजबान ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच फाइनल मैच खेला जाना है। फाइनल मैच से एक दिन पहले टूर्नामेंट में फिलहाल सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली भारत की पूनम यादव ने कप्तान हरमनप्रीत कौर की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि कप्तान ने उन्हें बहुत सपोर्ट किया है।
उन्होंने कहा, ‘हरमनप्रीत कौर मेरे लिए बड़ा सहारा रहीं। जब पहले ओवर में मेरी गेंद पर छक्का लगा तो वो मेरे पास आईं और कहा कि पूनम आप टीम की सबसे ज्यादा अनुभवी खिलाड़ी हैं और हमें आपसे बेहतर गेंदबाजी की उम्मीद है।’ 28 वर्षीय पूनम यादव ने 68 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं और इस दौरान उन्होंने 22.66 की स्ट्राइक रेट से 94 विकेट लिए हैं। मौजूदा महिला टी20 वर्ल्ड कप में पूनम 9 विकेट ले चुकी हैं। उन्होंने आगे कहा, ‘हरमनप्रीत की उस बात से मेरे अंदर कुछ हुआ और मैंने खुद से कहा कि अगर कप्तान को मेरे ऊपर इतना विश्वास है तो मुझे वापसी करनी होगी।’
पूनम ने कहा, ‘मैंने अगली ही गेंद पर विकेट लिया और उसके बाद पीछे मुड़कर नहीं देखा। अब जब मैं पीछे मुड़कर देखती हूं तो मुझे समझ में आता है कि वो पल मेरे लिए और हमारे फाइनल में पहुंचने के लिहाज से कितना अहम था।’ भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टूर्नामेंट का ओपनिंग मैच सिडनी के शोग्राउंड मैदान पर खेला गया था। पूनम ने रेचेल हायन्स और एलिस पेरी का विकेट लेकर टीम इंडिया की मैच में वापसी कराई थी।

