राजकुमार गौतम/बस्ती। कोतवाली थाना क्षेत्र मे स्थित महरीखावां मोहल्ले में घर के सामने एपीएन डिग्री कॉलेज के पूर्व छात्र संघ उपाध्यक्ष सूरज चतुर्वेदी को बुधवार रात करीब 9:00 बजे घर के सामने अज्ञात बदमाश ने गोली मार दी। बताया जा रहा है कि सूरज चतुर्वेदी अपनी बाइक से घर के सामने पहुंचे थे। इसी दौरान दूसरी बाइक से आए युवक ने बातचीत की। बातचीत के दौरान ही उसने सूरज को गोली मार दी और फरार हो गया।
अचानक घर के सामने सूरज को गोली मारने की घटना से हतप्रभ परिजन और मोहल्ले के लोग उन्हें लेकर जिला अस्पताल बस्ती पहुंचे। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज लखनऊ के लिए रेफर कर दिया। सूरज चतुर्वेदी सत्र 2014 में एपीएन पीजी कॉलेज से छात्र संघ का चुनाव लड़े और उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए। मूल रूप से संतकबीरनगर जिले के धनघटा थाना अंतर्गत मड़पौना निवासी सूरज को गोली मारने का कारण पुरानी रंजिश बताया जा रहा है। वर्तमान में वह शहर के महरीखावां मोहल्ले में परिवार के साथ रहते हैं। गोलीबारी की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने संभावित कारणों की तलाश शुरू कर दी है। घटना का कारण छात्र संघ चुनाव के बाद से उपजी रंजिश बताया जा रहा है। हालांकि, इस बाबत अभी पुलिस कुछ भी कहने को तैयार नहीं है।
बस्ती में छात्रनेता को गोली मारकर हमलावर फरार, घायल गंभीर अवस्था में लखनऊ रेफर

