नई दिल्ली:भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की क्रिकेट सलाहकार समिति (सीएसी) ने बुधवार को भारतीय टीम के पूर्व स्पिनर सुनील जोशी को राष्ट्रीय चयन समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया। इसके साथ ही पांच सदस्यीय इस समिति में पूर्व तेज गेंदबाज हरविंदर सिंह को भी शामिल किया। सीएसी में पूर्व भारतीय क्रिकेटर मदन लाल, आर पी सिंह और सुलक्षणा नाइक शामिल हैं, जिन्होंने दोनों चयनकर्ताओं को चुना जिसमें जोशी ने दक्षिण क्षेत्र के प्रतिनिधि के रूप में एमएसके प्रसाद की जगह ली।
एमएसके प्रसाद और गगन खोड़ा को 2015 में चयन समिति में जगह मिली थी। नवंबर में उनका कार्यकाल खत्म हो गया था, जिसके बाद इसे बढ़ाया गया था। कर्नाटक के 49 साल के जोशी ने 1996 से 2001 के बीच 15 टेस्ट और 69 वनडे खेले हैं, जिसमें उन्होंने क्रमश: 41 और 69 विकेट लिए हैं। 42 साल के हरविंदर ने तीन टेस्ट और 16 वनडे में भारत का प्रतिनिधित्व किया है।
90 के दशक में हरविंदर सिंह देश के सबसे बेहतरीन मध्यम गति के तेज गेंदबाज थे। घरेलू क्रिकेट और अंडर-19 में अनेक शानदार परफॉर्मेंस इंडिया ए में उनका चयन बांग्लादेश में फरवरी 1997 में होने वाले सार्क दौरे के लिए हुआ था। इस मैच में वह एक स्टार के रूप में उभरे। पाकिस्तान ए के खिलाफ उन्होंने 43 रन देकर 6 और बांग्लादेश के खिलाफ 44 रन देकर 4 विकेट लिए थे।
सहारा कप में बनाई थी जगह
अपनी इस परफॉर्मेंस की बदौलत उन्हें सहारा कप के लिए टीम इंडिया में जगह मिली थी। धीरे-धीरे बेहतर होते हुए 1998 में उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भी जगह मिल गई। इस सीरीज में उन्होंने श्रीनाथ की अनुपस्थिति के चलते तीसरा टेस्ट खेला। उन्होंने माइकल स्लॉटर का विकेट लिया और शारजाह में होने वाले कोका कोला कप में भी अपनी जगह बनाए रखी, लेकिन टीम में उनकी नियमित जगह कभी नहीं बन पाए।
2001 में खेला आखिरी मैच
2001 में कैंडी में उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ अंतिम टेस्ट मैच खेला था। यहां भी वह मजबूत होने के बावजूद प्रभावशाली नहीं रहे। वनडे क्रिकेट में उन्हें विकेट मिली, लेकिन उनका इकोनॉमी रेट खराब रहा। उन्होंने प्रति ओवर पांच से ज्यादा रन दिए।
हरविंदर सिंह का करियर
हरविंदर सिंह के नाम 3 टेस्ट में 4 विकेट और 16 वनडे मैचों में 24 विकेट दर्ज हैं। हरविंदर सिंह ने अपने 16 में से 10 वनडे मैच पाकिस्तान के खिलाफ खेले थे, जिसमें इन्होंने 17 विकेट लिए थे। पाकिस्तान के खिलाफ 1997 में डेब्यू करने वाले हरविंदर ने पहले ही मैच में 3 विकेट झटके थे। इस मैच में भारत ने पाकिस्तान पर 20 रनों की जीत हासिल की थी।

