लंदन:इंग्लैंड क्रिकेट टीम को श्रीलंका में दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है। इंग्लैंड के श्रीलंका दौरे की शुरुआत 7 मार्च से होनी है। 7 से 9 मार्च तक श्रीलंका बोर्ड प्रेसिडेंट इलेवन और इंग्लैंड के बीच पहला प्रैक्टिस मैच खेला जाना है। कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए इस दौरे पर इंग्लैंड के खिलाड़ी श्रीलंकाई खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाएंगे। श्रीलंका में भी कोरोना वायरस का मामला सामने आ चुका है, जिसके बाद इंग्लैंड के खिलाड़ियों ने यह फैसला लिया। खुद कप्तान जो रूट ने इसकी पुष्टि की है।
इंग्लैंड के कप्तान जो रूट ने कहा है कि उनके खिलाड़ी कोरोना वायरस के खतरे के कारण श्रीलंका दौरे पर हाथ नहीं मिलाएंगे। रूट से सोमवार को कोरोना वायरस से जुड़ा सवाल पूछा गया। रूट ने कहा कि हाथ मिलाने की जगह खिलाड़ी एक-दूसरे का अभिवादन मुट्ठियां टकराकर करेंगे। हाल में दक्षिण अफ्रीका दौरे पर पहले टेस्ट से पूर्व और इसके दौरान इंग्लैंड टीम के कई सदस्यों को पेट में तकलीफ और फ्लू की समस्या से जूझना पड़ा था। रूट ने कहा, ‘दक्षिण अफ्रीका में बीमारी से टीम के सदस्यों के परेशान होने के बाद हम कम से कम संपर्क की अहमियत को अच्छी तरह समझते हैं और हमारी मेडिकल टीम ने वायरस को फैलने से रोकने के लिए हमें व्यावहारिक सलाह दी है।’
उन्होंने कहा, ‘हम एक-दूसरे के साथ हाथ नहीं मिलाएंगे, इसकी जगह मुट्ठियां टकराएंगे और हम नियमित तौर पर हाथ धोएंगे और हम मिले वायरस रोधी वाइप्स और जेल से हाथ को साफ करेंगे।’ इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट मैच 19 से 23 मार्च के बीच गाले में और दूसरा टेस्ट 27 से 31 मार्च के बीच कोलंबो में खेला जाना है।

