क्राइस्टचर्च:टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने न्यूजीलैंड में खत्म हुई दो मैचों की टेस्ट सीरीज के बाद अपने तेज गेंदबाजों को लेकर कुछ अहम बातें कहीं। टीम इंडिया के तेज गेंदबाजों की पिछले कुछ समय से काफी तारीफ हुई है। विराट ने कहा कि टीम थिंकटैंक को पता है कि तेज गेंदबाजों की उम्र बढ़ रही है और उन्हें टीम के लिए नए तेज गेंदबाजों को तैयार करने का अहसास भी है। जसप्रीत बुमराह अभी आने वाले कई सालों तक तेज गेंदबाजी आक्रमण के अगुवा बने रह सकते हैं, लेकिन इशांत शर्मा जो इस साल 32 के, मोहम्मद शमी (29) की उम्र के बारे में टीम थिंकटैंक ने सोचना शुरू कर दिया है। वहीं उमेश यादव इस साल 33 के हो जाएंगे।
विराट ने कहा, ‘इन खिलाड़ियों की समय के साथ उम्र बढ़ रही है, तो हमें काफी केयरफुल रहना होगा। हमें इसे स्वीकारना होगा कि ऐसी परिस्थितियां आने वाले समय में आएंगी। हमें जल्द से जल्द ऐसे युवा खिलाड़ी तैयार करने होंगे, जो इन अनुभवी गेंदबाजों को रिप्लेस कर सकें।’ इशांत शर्मा न्यूजीलैंड दौरे से पहले एड़ी की चोट से जूझ रहे थे, उनका रिहैबिलिटेशन अच्छे तरीके से हैंडल नहीं किया गया और वो पहले टेस्ट में खेलने के बाद फिर से एड़ी की चोट के चलते दूसरे टेस्ट से बाहर हो गए। शमी ने भी पिछले दो साल में जिस तरह से क्रिकेट खेला है, मुझे लगता है कि आने वाले दो साल में पेस अटैक ट्रान्जिशन के दौर से गुजरेगा। विराट ने कहा, ‘हमें फ्यूचर को देखते हुए ऐसे तीन-चार तेज गेंदबाजों को तैयार करना होगा, जो इन तेज गेंदबाजों से स्टैंडर्ड मैच कर सकें क्योंकि आप नहीं चाहते कि एकदम से एक-दो तेज गेंदबाज नहीं खेल सकें तो आपको खालीपन सा लगे।’
भारत को न्यूजीलैंड में दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 0-2 से क्लीनस्वीप झेलना पड़ा। दूसरा टेस्ट मैच क्राइस्टचर्च में खेला गया था, जिसे मेजबान कीवी टीम ने तीन दिन के अंदर ही सात विकेट से जीत लिया था। इशांत शर्मा की चोट के बाद से ही एनसीए पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। ऐसा भी कहा जा रहा है कि अगर इशांत पूरी तरह से फिट नहीं थे, तो उन्हें न्यूजीलैंड दौरे पर क्यों भेजा गया।

