नई दिल्ली:भारतीय टीम के पूर्व बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण ने कहा है कि विराट कोहली की कप्तानी वाली भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली गई सीरीज में जरूर अनुशासन नहीं दिखा पाई और इसलिए उसे 0-2 से हार का सामना करना पड़ा। भारत के सोमवार को दूसरे टेस्ट मैच में सात विकेटों से हार का सामना करना पड़ा। पहले टेस्ट में उसे 10 विकेट से हार मिली थी।
इस सीरीज में भारतीय बल्लेबाज पूरी तरह से विफल रहे। कप्तान कोहली की यह सीरीज भी बेहद निराशाजनक रही जिन्होंने इस सीरीज में एक अर्धशतक भी नहीं लगाया।
मैच के बाद वीवीएस लक्ष्मण ने ट्वीट किया, “न्यूजीलैंड को भारत को मात देने और टेस्ट सीरीज जीतने पर बधाई हो। भारत वो अनुशासन नहीं दिखा सकी जिसकी जरूरत थी और इसलिए वो बेहद निराश होगी।”
विराट कोहली की फॉर्म को लेकर भी वीवीएस लक्ष्मण ने मैच के दूसरे दिन बयान दिया था। वीवीएस लक्ष्मण ने कहा था, ”विराट के लिए एलबीडब्ल्यू आउट होना समस्या नहीं है, लेकिन जिस तरह वह बल्लेबाजी कर रहे हैं, वह गलत है। इंग्लैंड में भी मूविंग बॉल के खिलाफ वह ऐसे ही आउट हो रहे थे। खासतौर पर जेम्स एंडरसन की गेंदों पर। इस सीरीज में भी हमने देखा कि उनका बल्ला एक विशेष कोण पर नीच आ रहा था। यही वजह थी कि उनके बल्ले और गेंद के बीच हमेशा गैप रहता था।”
उन्होंने आगे कहा, ”अगर गेंद मूवमेंट कर रही है तो उनका बल्ला एक भी बार गेंद से नहीं मिल पाया।” उन्होंने आगे कहा, ”इस सीरीज में विराट कोहली की पुरानी आदत उन्हें परेशान करती रही है।”
भारत की हार के बाद बोले लक्ष्मण, टीम अनुशासन नहीं दिखा सकी

