नई दिल्ली:टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली के लिए न्यूजीलैंड दौरा किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा। टीम इंडिया ने इस दौरे की शुरुआत पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में 5-0 के क्लीनस्वीप के साथ की थी, लेकिन इसके बाद वनडे इंटरनेशनल और टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम को क्रम से 0-3 और 0-2 से क्लीनस्वीप झेलना पड़ा। विराट का बल्ला भी इस दौरे पर शांत ही रहा। टेस्ट सीरीज में तो हाल इतना बुरा रहा कि विराट चार पारियों में क्रम से 19, 2, 14 और 3 रन ही बना सके। इस प्रदर्शन के लिए विराट की काफी आलोचना हो रही है, लेकिन पाकिस्तान के पूर्व कप्तान इंजमाम उल हक इस दौरान विराट के समर्थन में सामने आए हैं।
न्यूजीलैंड दौरे पर विराट 11 पारियां में कुल 218 रन ही बना सके। तीनों फॉरमैट मिलाकर किसी भी दौरे पर यह अभी तक विराट का सबसे खराब प्रदर्शन है। टेस्ट सीरीज में तो विराट महज 38 रन बना सके और इसके बाद से उनकी टेकनीक को लेकर तमाम तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। इंजमाम ने विराट के आलोचकों को करारा जवाब दिया है। अपने यूट्यूब चैनल पर इंजमाम ने कहा, ‘कई सारे लोग इस समय विराट कोहली की टेकनीक के बारे में बात कर रहे हैं। उन्होंने 70 सेंचुरी ठोकी हैं, आप उनकी टेकनीक पर कैसे सवाल खड़े कर सकते हैं।’
‘कई बार जतन करने के बावजूद रन नहीं बनते’
इंजमाम ने कहा कि हर खिलाड़ी खराब दौर से गुजरता है, लेकिन इसका यह मतलब नहीं होता कि वो अपनी तरफ से मेहनत नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा, ‘एक क्रिकेटर के तौर पर मैं यह कह सकता हूं कि आपका ऐसा समय आता है जब जतन करने के बावजूद रन नहीं आते हैं। यूसुफ (मोहम्मद यूसुफ) का बैकलिफ्ट काफी अच्छा था और जब वो खराब फॉर्म में होते थे, तो लोग इस पर सवाल खड़ा करने लगते थे, वो मेरे पास आया था, तो मैंने कहा था कि तुमने इसी टेकनीक से इतने सारे रन कैसे बनाए।’
‘यह सब खेल का हिस्सा है’
दो मैचों की टेस्ट सीरीज में कोई भी भारतीय बल्लेबाज एक भी सेंचुरी नहीं बना सका, चार पारियों में तीन बार नंबर-1 टेस्ट टीम 200 के अंदर ऑलआउट हो गई। न्यूजीलैंड ने आसानी से दोनों टेस्ट मैचों में भारत के खिलाफ जीत दर्ज की। उन्होंने कहा, ‘कोहली अगर नहीं खेल पाए तो टीम इडिया अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकी, बाकी खिलाड़ियों का क्या? यह खेल का हिस्सा है, इसे ऐसे ही स्वीकार किया जाना चाहिए।’ इंजमाम का मानना है कि विराट को अपनी टेकनीक में कोई बदलाव करने की जरूरत नहीं है। इंटरनेशनल लेवल पर उन्होंने इसी टेकनीक से काफी रन बनाए हैं।
‘विराट को परेशान होने की जरूरत नहीं है’
उन्होंने कहा, ‘मैं अगर कोई सुझाव देता हूं… तो वो यह है कि परेशान होने की जरूरत नहीं है यह समय निकल जाएगा। टेकनीक के बारे में मैं बात ही नहीं करूंगा। विराट को टेकनीक बदलने की जरूरत ही नहीं है। वो मजबूत मानसिकता वाले खिलाड़ी हैं, उन्हें हड़बड़ करने की जरूरत नहीं है।’ उन्होंने कहा, ‘बड़े खिलाड़ी मन से मजबूत होते हैं, वो मजबूत वापसी करते हैं। विराट भी मजबूत वापसी करेंगे। सईद अनवर और सौरव गांगुली दोनों ही ऑफसाइड के शानदार स्ट्रोक प्लेयर थे। आपकी मजबूती आपकी कमजोरी बन सकती है। जहां आप रन बनाते हैं आप उसी क्षेत्र में आउट हो सकते हैं।’

