सिंध:पाकिस्तान में अल्पसंख्यक समुदाय के धर्म स्थलों को नुकसान पहुंचाने का सिलसिला थम नहीं रहा है। पाकिस्तान के सिंध प्रांत में रविवार को उग्र भीड़ ने एक हिंदू मंदिर पर हमला किया और तोड़फोड़ की। पाक पत्रकार ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। इससे पहले सिंध में ननकाना साहिब गुरुद्वारे पर पत्थरबाजी की गई थी।
पाकिस्तान के सिंध प्रांत छाचरो कस्बे के पास एक गांव में एक हिंदू मंदिर पर कुछ लोगों ने हमला किया और जमकर तोड़फोड़ की। पाकिस्तानी पत्रकार नायला इनायत ने घटना की तस्वीरें शेयर करते हुए ट्वीट किया, ‘सिंध में अब एक और हिंदू मंदिर में तोड़फोड़ की गई। थारपरकर के चाचरो में भीड़ ने माता रानी भातियानी मंदिर में पवित्र मूर्ति और ग्रंथों को नुकसान पहुंचाया।’
पिछले साल सितंबर महीने में भी सिंध में एक हिंदू मंदिर में कट्टरपंथियों ने तोड़फोड़ की थी। इस घटना के सिलसिले में चार अज्ञात लोगों के खिलाफ सोमवार को प्राथमिकी दर्ज की गई।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान के तमाम आश्वासन के बावजूद पाकिस्तान में हिंदुओं समेत अन्य अल्पसंख्यकों के धर्म स्थलों को तबाह करने का क्रम नहीं रुक रहा है। पाकिस्तान में धार्मिक अल्पसंख्यकों के प्रार्थना स्थल और उत्पीड़न की घटनाएं आए दिन मीडिया में सुर्खियां बटोरती रहती हैं। सिंध प्रांत से हिंदू लड़कियों को अगवा कर जबरन धर्म परिवर्तन कराने की खबरें भी चर्चा में रहती हैं।

