मुंबई:भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की चार महीने बाद टीम में वापसी हो गई है। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ टी-20 और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम में शामिल किया गया है। श्रीलंका के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए शिखर धवन की भी टीम में वापसी हुई है। वहीं, ओपनर रोहित शर्मा और तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को आराम दिया गया है। रोहित वेस्टइंडीज के खिलाफ रविवार को खत्म हुए वनडे सीरीज में मैन ऑफ द सीरीज बने थे।
मुख्य चनयकर्ता एमएसके प्रसाद ने सोमवार को जनवरी में होने वाली दोनों सीरीज के लिए टीम की जानकारी दी। हालांकि, अभी तक फुल लिस्ट जारी नहीं की गई है। बुमराह अगस्त में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज के बाद चोटिल हो गए थे। वे इसी महीने वेस्टइंडीज के खिलाफ विशाखापट्टनम में खेले गए दूसरे वनडे से पहले टीम इंडिया के साथ अभ्यास करते दिखाई दिए थे।
‘भारत के पास पर्याप्त बेंच स्ट्रेंथ, अगले 6-7 सालों तक समस्या नहीं होगी’
एमएसके प्रसाद ने कहा,‘भारत के पास पर्याप्त बेंच स्ट्रेंथ हैं। किसी भी फॉर्मेट में अगले 6-7 सालों तक कोई परेशानी नहीं होगी।’ धवन सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के दौरान चोटिल हो गए थे। उनके घुटने में चोट लगी थी। इसके बाद भी उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 और वनडे सीरीज की टीम में रखा गया था, लेकिन बाद में उन्हें बाहर होना पड़ा था। भारतीय टीम श्रीलंका के खिलाफ 5, 7 और 10 जनवरी को टी-20 खेलेगी। इसके बाद 14 से 19 जनवरी के बीच ऑस्ट्रेलिया से तीन वनडे होंगे।
‘पंत की कीपिंग को सुधारने के लिए एक स्पेशलिस्ट लगाया जाएगा’
मुख्य चयनकर्ता ने कहा, ‘एक स्पेशलिस्ट को ऋषभ पंत की कीपिंग में सुधार करने के लिए लगाया जाएगा। उन्हें कींपिंग में सुधार की जरूरत है।’पंत इससे पहले भी किरण मोरे के साथ काम कर चुके हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ कटक में खेले गए आखिरी वनडे में पंत की कीपिंग की आलोचना की गई थी। उन्होंने दो कैच छोड़े थे। उनकी खराब कीपिंग के कारण ही स्टेडियम में धोनी-धोनी के नारे लगे थे।

