विशाखापट्टनम:विराट कोहली 400 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले आठवें भारतीय और दुनिया के 33वें खिलाड़ी बन गए। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ विशाखापट्टनम वनडे में यह उपलब्धि हासिल की। कोहली ने 2008 में श्रीलंका के खिलाफ वनडे डेब्यू किया था। वह अब तक 241 वनडे, 84 टेस्ट और 75 टी-20 खेल चुके हैं।
कोहली से पहले सात भारतीय यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने के मामले में सचिन 664 मैच के साथ पहले स्थान पर हैं। महेंद्र सिंह धोनी (538), राहुल द्रविड़ (509), मोहम्मद अजहरुद्दीन (433), सौरव गांगुली (424), अनिल कुंबले (403) और युवराज सिंह (402) मैचों के साथ इस लिस्ट में शामिल हैं।
सचिन के बाद जयवर्धने ने सबसे ज्यादा 652 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले
सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेलने के मामले में सचिन के बाद 652 मैच के साथ श्रीलंका के महेला जयवर्धने हैं। कुमार संगकारा (594), सनथ जयसूर्या (586) और रिकी पोंटिंग (560) मैच खेले हैं।
सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले खिलाड़ी
| खिलाड़ी | मैच |
| सचिन तेंदुलकर | 664 |
| कुमार संगकारा | 652 |
| सनथ जयसूर्या | 594 |
| रिकी पॉन्टिंग | 560 |
| महेंद्र सिंह धोनी | 538 |
विंडीज के खिलाफ भारत पहला मैच हारा था
कोहली की कप्तानी में भारतीय टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज खेल रही है। चेन्नई में खेले पहले वनडे में मेहमान टीम ने उसे 8 विकेट से हराकर 1-0 की बढ़त ले ली है। मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 8 विकेट के नुकसान पर 287 रन बनाए थे, लेकिन कैरेबियाई टीम ने 2 विकेट खोकर ही लक्ष्य हासिल कर लिया।

