ब्रासीलिया:ब्रिक्स बिजनेस फोरम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिक्स देशों (ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका) को सामाजिक सुरक्षा समझौते पर विचार-विमर्श करने को कहा। उन्होंने कहा, ‘ब्रिक्स राष्ट्र दुनिया के आर्थिक विकास में 50% का योगदान करते हैं। वैश्विक मंदी के बावजूद ब्रिक्स राष्ट्रों ने आर्थिक विकास में योगदान दिया है और करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकाला है।’
ब्राजील में भारतीयों को वीजा-मुक्त प्रवेश देने के फैसले के लिए मोदी ने वहां के राष्ट्रपति जायर बोल्सनारो का आभार जताया। मोदी ने बोल्सोनारो को 2020 के गणतंत्र दिवस समारोह में भारत आने का निमंत्रण भी दिया। वहीं, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अगले साल मॉसको में होने वाले विक्टरी डे सेलिब्रेशन में मोदी को आमंत्रित किया। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने भी मोदी को 2020 में चीन में होने वाले तीसरे अनौपचारिक शिखर सम्मेलन के लिए आमंत्रित किया, जिसके लिए तारीख और स्थल बाद में तय की जाएगी।
द्विपक्षीय बैठक में मोदी ने साधी कूटनीति
11वें ब्रिक्स सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और ब्राजील के राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो के साथ द्यिपक्षीय बैठक में बहुपक्षीय मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने जिनपिंग से चर्चा में कहा, ‘चेन्नई की मुलाकात ने हमारी यात्रा को एक नई ऊर्जा और गति दी है। बिना एजेंडा एक-दूसरे के देशों की स्थिति, वैश्विक परिस्थिति और मन को जानने के प्रयास में हमल सफल रहे। चेन्नई में जो बातें हुईं, उस पर हमारी टीमें काम कर रहीं हैं। मुझे विश्वास है कि इन चीजों को आगे बढ़ाने में हमारी सुविधा और बढ़ती जाएगी।’
जिनपिंग से व्यापार पर चर्चा
जिनपिंग की बात पर सहमति जताते हुए मोदी ने कहा, ‘आपकी बात सही है कि व्यापार द्विपक्षीय और वैश्विक संदर्भ में महत्वपूर्ण विषय है। व्यापार पर द्विपक्षीय स्तर पर हमारी जो चर्चाएं हुईं हैं, उसके कुछ ठोस नतीजे लाने में अगर हम सफल होते हैं, तो बहुत सी चीजों को आगे बढ़ा पाएंगे।’ मोदी ने जिनपिंग से कहा, ‘2014 में ब्राजील में ही हमारी पहली मुलाकात हुई थी। यहां से हमारी यात्रा शुरू हुई। यह यात्रा आज घनिष्ठ मित्र के रूप में परिवर्तित हो चुकी है। आप मेरे यहां आए और मुझे अपने गांव ले गए। पांच साल के भीतर इतना विश्वास और इतना मित्रतापूर्ण संबंध बनना अपने आप में बड़ी बात है। आगे भी हमारी मुलाकात होती रहेगी।’
भारत-चीन सीमा संबंधित मामलों पर बैठक कराने का निर्णय
राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने चेन्नई में दूसरे अनौपचारिक शिखर सम्मेलन में उनकी मेजबानी करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना की। उन्होंने मोदी और जिनपिंग ने विश्व व्यापार संगठन, ब्रिक्स और आरसीईपी सहित बहुपक्षीय मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। दोनों देशों की सीमा से संबंधित मामलों पर विशेष प्रतिनिधियों की एक और बैठक करने का फैसला किया। इसमें सीमा क्षेत्रों में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के महत्व को दोहराया जाएगा।
पुतिन से रणनीतिक साझेदारी मजबूत करने पर चर्चा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को ब्राजील के ब्रासीलिया में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से भी मुलाकात की। माेदी ने पुतिन से रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के ताैर-तरीकों तथा आपसी मुद्दाें पर चर्चा की। पुतिन के साथ बैठक के दाैरान मोदी ने कहा, ‘लगातार मुलाकाताें और बातचीत से हमारे संबंध मजबूत हुए हैं।’ रूस के सुदूर पूर्व व्लादिवोस्तोक शहर में सितंबर में पूर्वी आर्थिक मंच (ईईएफ) में दाेनाें नेताओं की मुलाकात हुई थी। इसके दाे माह बाद उनकी यह दूसरी बैठक है।
ब्राजील के राष्ट्रपति के भोज में शामिल होंगे मोदी
माेदी ने ब्राजील के राष्ट्रपति के साथ भी बैठक की। वह गुरुवार काे सांस्कृतिक प्रस्तुति कार्यक्रम और ब्राजील के राष्ट्रपति की ओर से आयोजित भोज में भी शामिल होंगे। 11वें ब्रिक्स सम्मेलन का थीम नवाचार भविष्य के लिए आर्थिक वृद्धि है। ब्रिक्स में 14 नवंबर को सभी नेता एक प्रतिबंधित सत्र में हिस्सा लेंगे, जो बंद कमरे में हाेने वाला सत्र होगा। मोदी बाद में ब्रिक्स प्लेनरी बैठक में भाग लेंगे, जहां नेता अपने देश के आर्थिक विकास के लिए अंतर-ब्रिक्स सहयोग के बारे में चर्चा करेंगे। इस बीच व्यापार और निवेश एजेंसियों के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर होंगे, जिसके बाद एक ब्रिक्स संयुक्त घोषणा-पत्र जारी किया जाएगा।

