मॉस्को: अमेरिकी सेना की कार्रवाई में मारे गए आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) के सरगना रहे अबु बकर अल-बगदादी की बड़ी बहन रसमिया को तुर्की ने हिरासत में ले लिया है। मीडिया रिपोर्ट्स ने तुर्की के वरिष्ठ अफसरों के हवाले से बताया कि 65 साल की रसमिया अवाद को सोमवार को परिवार समेत हिरासत में ले लिया। वह पति और अन्य रिश्तेदारों के साथ उत्तरी सीरिया के अलेप्पो प्रांत के अजाज शहर में रहती थी।
न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, रसमिया भी आतंकी संगठन आईएस से जुड़ी थी। रसमिया संगठन को खुफिया जानकारियां देती थी। तुर्की अफसरों ने खुफिया जानकारी के आधार पर सभी को गिरफ्तार कर लिया।
अल-कुरैशी आईएस का नया सरगना
आईएस के प्रवक्ता अबु हमजा अल-कुरैशी ने 31 अक्टूबर को ऑडियो मैसेज जारी कर बगदादी के मारे जाने की पुष्टि की थी। उसने बताया था कि अबु इब्राहिम अल-हाशिमी अल-कुरैशी को बगदादी के स्थान पर संगठन का नया सरगना बनाया गया है। 3 नवंबर को आईएस से जुड़े नैसर न्यूज ने मिस्र-बांग्लादेश के आतंकियों की तस्वीर जारी की थी। इसमें सभी नए सरगना को समर्थन देते नजर आ रहे थे।
ट्रम्प ने 27 अक्टूबर को बगदादी के मारे जाने की पुष्टि की
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने 27 अक्टूबर को ही टीवी पर लाइव प्रसारण के दौरान बगदादी की मौत की पुष्टि कर दी थी। उन्होंने कहा था कि अमेरिकी सेना को आते देख बगदादी ने सुरंग में भागने की कोशिश की थी। सुरंग में जब रास्ता नहीं मिला, तो उसने खुद की आत्मघाती जैकेट को ब्लास्ट कर लिया। इसमें उसकी और उसके तीनों बच्चों की मौत हो गई। ट्रम्प के मुताबिक, टेस्ट से बगदादी की पहचान कर ली गई।
आईएस के सरगना बगदादी की बहन तुर्की की हिरासत में, संगठन को खुफिया जानकारी देती थी

