नई दिल्ली: महाराष्ट्र में चुनाव नतीजे आने के 10 दिन बाद भी भाजपा-शिवसेना गठबंधन में मुख्यमंत्री पद की दावेदारी काे लेकर काेई झुकने काे तैयार नहीं है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को इस मुद्दे पर गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। चर्चा के बाद जब फडणवीस से सरकार बनाने को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा, “सरकार गठन को लेकर कोई क्या कह रहा है, इस पर कुछ नहीं बोलूंगा। लेकिन यह विश्वास है कि नई सरकार जल्द बनेगी।”
राउत ने राकांपा नेता अजीत पवार को मैसेज भेजा
संजय राउत ने राकांपा नेता अजित पवार काे मैसेज भी भेजा है। पवार ने राउत के इस मैसेज काे सार्वजनिक किया। इसमें राउत ने लिखा है- नमस्कार मी, संजय राउत, जय महाराष्ट्र। इस पर अजीत पवार ने कहा कि मैं फोन करके जांच करूंगा कि राउत ने फोन क्यों किया। शिवसेना के 170 विधायकाें के समर्थन के दावे पर अजित ने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है।

