बैंगलोर:आयकर विभाग ने शुक्रवार को कर्नाटक के पूर्व उपमुख्यमंत्री जी परमेश्वर एवं अन्य के खिलाफ की गई छापेमारी में लगभग पांच करोड़ रुपए नकद जब्त किए। आयकर अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। इससे पहले गुरुवार को आयकर विभाग के 300 से अधिक कर्मियों ने कर्नाटक में कांग्रेस के दो बड़े नेताओं-पूर्व उपमुख्यमंत्री जी परमेश्वर और पूर्व सांसद आर एल जलप्पा के पुत्र राजेंद्र से जुड़े परिसरों पर छापे मारे थे।
परमेश्वर का परिवार सिद्धार्थ ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशंस का संचालक है जिसकी स्थापना उनके पिता एच एम गंगाधरैया ने 58 साल पहले की थी। परमेश्वर से संबंधित कार्यालय, आवास और संस्थानों पर छापा मारने के साथ ही अधिकारियों ने उनके भाई जी शिवप्रसाद और निजी सहायक रमेश के आवास की भी तलाशी ली गई थी। राजेंद्र दोद्दाबल्लापुरा और कोलार में आर एल जलप्पा इंस्टिट्यूट चलाते हैं।
अधिकारियों ने बताया कि नीट परीक्षाओं से जुड़े मामले में करोड़ों रुपये की कर चोरी के संबंध में परमेश्वर और अन्य के ठिकानों पर यह छापेमारी की गई है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में विभिन्न स्थानों और राजस्थान के कुछ हिस्सों में कुल 30 परिसरों पर छापेमारी की जा रही है जिसमें 300 से अधिक आयकर अधिकारी शामिल हैं। उनके साथ पुलिसकर्मी भी हैं।
विभाग ने तुमकुर में एक न्यास के दो मेडिकल कॉलेजों में नीट की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के वास्ते अपनी जांच के तहत यह कदम उठाया है। बताया जाता है कि परमेश्वर श्री सिद्धार्थ एजुकेशन ट्रस्ट के अध्यक्ष हैं। अधिकारियों ने बताया कि नीट की परीक्षा में किसी अन्य के स्थान पर परीक्षा देने से संबंधित कथित फर्जीवाड़े और सीटें पाने के लिए कथित रूप से अवैध भुगतान करने की बात सामने आने पर विभाग हरकत में आया। उन्होंने कहा कि परीक्षा में दूसरों के स्थान पर बैठने वालों का पता लगाने के लिए राजस्थान में तलाशी की जा रही है।
छापेमारी के बीच बेंगलुरु पहुंचे परमेश्वर ने बेंगलुरु में संवाददाताओं से कहा कि उनके पास इस बारे में कोई सूचना नहीं है कि छापेमारी क्यों की जा रही है। उन्होंने कहा, ”मेरे पास कोई सूचना नहीं है कि छापेमारी क्यों की जा रही है। उन्होंने (आयकर अधिकारियों) मुझे बुलाया। इसलिए उनसे मिलने आया हूं।”
परमेश्वर ने कहा कि उनका परिवार शिक्षण संस्थान चलाने के सिवाय कोई और व्यवसाय नहीं करता और वह समय पर आयकर भरता रहा है। उन्होंने इस सवाल पर कोई टिप्पणी नहीं की कि क्या छापेमारी राजनीति से प्रेरित है। परमेश्वर मई, 2018 से जुलाई, 2019 तक कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री थे।
कर्नाटक के पूर्व CM परमेश्वर के आवास पर इनकम टैक्स रेड, करीब 5 करोड़ रुपए नकद जब्त

