मुंबई:महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) प्रमुख शरद पवार पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि उनके नेता राहुल गांधी बैंकॉक चले गए हैं। वहीं, शरद पवार की हालत अब ऐसी हो चुकी है जैसे ‘आधे इधर जाओ, आधे उधर जाओ और बचे हुए मेरे पीछे आओ।’
पिंपरी चिंचवाड़ में जनसभा को संबोधित करते हुए फडणवीस ने कहा कि वे जानते हैं कि राहुल गांधी और शरद पवार की पार्टी महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में बुरी तरह से हारने जा रही है। उन्होंने पहले ही अपनी हार स्वीकार कर ली। उनका घोषणा पत्र ऐसे लोगों द्वारा बनाया गया है जो जानते हैं कि वे सत्ता में नहीं आ रहे हैं, इसलिए वे बहुत सारे वादे कर रहे हैं। उनके पास वादा करने के लिए केवल एक चीज बची है कि वे महाराष्ट्र के हर व्यक्ति को ताजमहल देंगे, जब वे जीत जाएंगे।
‘कांग्रेस-राकांपा अगले 15 साल विपक्ष में बैठेगी’
फडणवीस ने कहा, ‘‘वे (कांग्रेस-राकांपा) जानते हैं कि अगले 15-20 साल तक उन्हें विपक्ष के रूप में बैठना होगा। चुनाव अभी 10-12 दिन दूर हैं, लेकिन मुझे नहीं पता कि मेरा प्रतिद्वंद्वी कौन है।’’ महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव में सभी 288 सीटों पर 21 अक्टूबर को मतदान है जबकि मतों की गिनती 24 अक्टूबर को होगी।

