बर्लिन: जर्मनी के पूर्वी शहर हाले में बंदूकधारी ने फायरिंग कर बुधवार को दो लोगों को मार डाला। घटना यहूदी प्रार्थना स्थल के बाहर हुई। वह कत्लेआम के लिए अंदर घुसना चाहता था, लेकिन कामयाब नहीं हो सका। उसने प्रार्थना स्थल के गेट पर भी कई गोलियां दागीं, उस वक्त करीब 80 यहूदी श्रद्धालु अंदर मौजूद थे। बंदूकधारी ने इस हमले का वीडियो बनाने के लिए अपने सिर पर कैमरा भी लगा रखा था।
उसने वीडियो गेमिंग प्लेटफॉर्म ट्विटच (Twitch) पर लाइव स्ट्रीमिंग भी की, हालांकि कुछ देर में इसे हटा लिया गया। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने हमले को यूरोप में यहूदी विरोधी भावना का एक और उदाहरण करार दिया।
जर्मनी के सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने एक संदिग्ध हमलावर को गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान 27 वर्षीय बेनड्रॉफ के रूप में हुई। धार्मिक स्थल पर हमले का यह तरीका बिल्कुल क्राइस्टचर्च (न्यूजीलैंड) जैसा है। यहां मार्च में 28 साल की ब्रेंटन टॉरेंट ने मस्जिदों में अंधाधुंध फायरिंग कर 51 लोगों की हत्या कर दी थी। उसने सिर पर कैमरा लगाकर इस कत्लेआम की फेसबुक पर लाइव स्ट्रीमिंग की थी। इसके बाद फेसबुक को काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था।
हमलावर ने कहा- यहूदी समस्याओं की जड़
चरमपंथ का अध्ययन करने वाली अंतरराष्ट्रीय संस्था के एक वीडियो को अमेरिकी अखबार वॉशिंगटन पोस्ट ने इंटरनेट पर पोस्ट पर किया है। करीब 35 मिनट के वीडियो में हरे रंग की जैकेट पहने हमलावर ने अपना नाम एनॉन बताया। उसने प्रलय से इनकार करते हुए दुनिया की समस्याओं की लिस्ट बनाई। बार-बार कसम खाई और दर्शकों से माफी मांगी। हमलावर ने कहा कि यहूदी सभी समस्याओं की जड़ हैं। इसके बाद उसने श्रद्धालुओं से भरे यहूदी प्रार्थना स्थल में घुसने की कोशिश की। लेकिन प्रार्थना स्थल के सुरक्षाकर्मियों ने वक्त रहते गेट बंद कर दिया। हमले में नाकाम रहने पर उसने बाहर एक महिला समेत दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी।
जर्मनी के मंत्री बोले- यहूदी विरोधी सोच से लड़ना होगा
जर्मनी के विदेश मंत्री हाइको मास ने ट्वीट किया, ”हमें अपने देश में यहूदी विरोधी भावना के खिलाफ लड़ना होगा। हमले में जान गंवाने वालों और घायलों के प्रति मेरी संवेदनाएं। कठिन समय में पुलिस ने अच्छा काम किया।” हमले के बाद चांसलर एंजेला मर्केल बर्लिन में एक यहूदी प्रार्थना स्थल पहुंचीं और लोगों से मुलाकात की। दूसरी ओर, इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने हमले को यूरोप में यहूदी विरोधी भावना की एक और उदाहरण करार दिया।
जर्मनी में बंदूकधारी ने यहूदी प्रार्थना स्थल के बाहर 2 लोगों को मारा, सिर पर लगे कैमरे से लाइव स्ट्रीमिंग की

