मुंबई:टीवी शो ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ का मिहिर, ‘कसौटी जिंदगी की’ का ऋषभ बजाज और ‘अदालत’ का केडी पाठक- रोनित रॉय ने ऐसे कई यादगार शो में बेहतरीन किरदार निभाए हैं। ज्यादातर लोग इस बात से सहमत होंगे कि टीवी के बाद फिल्मों में निभाए गए उनके कई किरदार वास्तव में छोटे पर्दे से प्रभावित रहे हैं। हालांकि रोनित अब टीवी शो कम ही कर रहे हैं।
जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने टीवी छोड़ दिया है। इस पर 53 वर्षीय अभिनेता का कहना है, ‘मेरे पास सीरियल ‘शक्ति’ में एक छोटा सा कैमियो था। मैंने यह किरदार क्यों किया, इसके कई कारण थे। मैं टीवी पर उस समय आया था, जब टीवी ज्यादा प्रचलित नहीं था। लेकिन धीरे-धीरे टीवी को लोग पसंद करने लगे। वह समय बहुत बेहतरीन था। यह सब किसी योजना का हिस्सा नहीं था। ना ही यह सिर्फ मेरे शो के कारण था, बल्कि चैनलों के आने की वजह से था। क्योंकि… और कौन बनेगा करोड़पति जैसे शो की वजह से भी टीवी काफी प्रचलित हुआ।’
रोनित टीवी छोड़ने के बारे में अपने बयान पर वापस आते हैं और स्पष्ट करते हैं, ‘मैंने इससे दूर रहने का फैसला किया है। लेकिन मैंने इसे छोड़ा नहीं है। मैंने टीवी की शुरुआत को देखा है। जब आप एक लहर पर सवार होकर आगे बढ़ते हैं, तो वह लहर टकराकर कहीं ना कहीं खत्म होगी ही। यह बात आपको चोट पहुंचा सकती है। मैं उस समय टीवी की उस लहर पर था, जब उसमें अचानक गिरावट आने लगी। और मैं इसे समझ गया और इसके साथ ही मुझे भी कुछ चीजों का सामना करना पड़ा। तब मैं ‘अदालत’ कर रहा था, जो बेहद लोकप्रिय था और पांच साल तक चला, लेकिन मुझे चीजें समझ में आ गई थीं। बदलाव और लंबी दूरी का स्थायित्व मेरे लिए अहम हैं। जब बदलाव की गुंजाइश खत्म होती है, तब काम में ठहराव आने लगता है। ऐसा ही कुछ मेरे साथ भी हुआ। इसे लेकर मैं सहज नहीं था।’ शायद यही कारण है कि रोनित ने वेब की ओर अपने कदम बढ़ा लिये हैं।
रोनित हाल ही में फिल्म ‘ठग्स ऑफ हिंदोस्तान’ (2018) और ‘अर्जुन पटियाला’ में नजर आए थे। बकौल रोनित, ‘मैं लंबे समय तक एक माध्यम में नहीं रहना चाहता हूं। मुझे फोबिया है – मैं लंबे समय तक एक कार में नहीं बैठ सकता। आपके साथ भी ऐसा हो सकता है। विभिन्न चीजों के बारे में जानने के कई तरीके हो सकते हैं। मेरे सामने भी एक ऐसा मोड़ आया, जहां स्थितियां मुझे पीछे ढकेल रही थीं। इस बारे में निर्णय लेना मुश्किल रहा।’
क्या टीवी पर अच्छा पैसा मिलता है? और टीवी से दूर रहना मुश्किल था? वह कहते हैं, ‘पैसा बहुत अच्छा ही नहीं, बल्कि अविश्वसनीय था। जब आप एक परिवार में सबसे बड़े होते हैं और आप साधारण परिवार से आते हैं, तब अगर आप अचानक इतने पैसे कमाने लग जाएं, तो इससे आपकी जीवनशैली में काफी फर्क पड़ता है। टीवी में पैसा बहुत है, जो आपके फैसले को भी बदल सकता है। लेकिन कुछ निर्णय आगे के बारे में सोचकर लिए जाने चाहिए। अगर आप बढ़ना चाहते हैं, तो आपको क्राफ्ट के साथ बढ़ना पड़ेगा। अगर ऐसा नहीं किया, तो इसमें आपका नुकसान है।
जानें आखिर क्यों टीवी से दूर हैं रोनित रॉय

