मुंबई: शिवसेना प्रमुख उद्वव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे मुंबई की वर्ली सीट से चुनाव लड़ने जा रहे हैं। आदित्य, ठाकरे परिवार के पहले सदस्य हैं जो चुनावी मैदान में उतर रहे हैं। ऐसे में आदित्य के चुनाव प्रचार में कोई कमी न रहे इसलिए शिवसेना ने जोर-शोर से तैयारियां शुरू कर दी। वर्ली में वोटर्स को लुभाने के लिए पार्टी ने 6 भाषाओं में पोस्टर्स लगाए हैं।
आदित्य की तस्वीर के साथ लगे यह पोस्टर गुजरती, हिन्दी, अंग्रेजी, मराठी, उर्दू और कन्नड़ भाषा में हैं। इसमें से एक में वर्ली के लोगों को संबोधित करते हुए अभिवादन किया गया। एक पोस्टर में गुजराती भाषा में वर्ली की जनता से संवाद करते हुए पूछा गया- ‘केम छो वरली’ (वरली के लोग आप कैसे हैं)।
सबसे ज्यादा उर्दू पोस्टर्स की हो रही चर्चा
सोशल मीडिया में सबसे ज्यादा उर्दू भाषा में लगे आदित्य के पोस्टर की चर्चा हो रही है। सोशल मीडिया यूजर्स इस पोस्टर को शिवसेना की कट्टर हिंदूवादी छवि से अलग बता रहे हैं। कुछ लोग इसे नए नेता की नई शिवसेना भी कह रहे हैं।
प्रतिष्ठा की सीट बनी वर्ली
शिवसेना के लिए वर्ली सीट प्रतिष्ठा का सवाल है। पार्टी की पूरी कोशिश है कि पहली बार चुनाव लड़ने उतरे ठाकरे परिवार के सदस्य को बंपर जीत दिलाई जाए। ऐसे में कार्यकर्ताओं की तरफ से कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जा रही है। फिलहाल, कांग्रेस-राकांपा गठबंधन की तरफ से अभी इस सीट पर प्रत्याशी घोषित नहीं किया गया है। वली को शिवसेना की सुरक्षित सीट माना जाता है।
महाराष्ट्र में 21 अक्टूबर को सभी 288 विधानसभा सीटों पर मतदान होना है। रिजल्ट 24 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे। राज्य में शिवसेना और भाजपा गठबंधन का मुकाबला कांग्रेस-राकांपा से है।
आदित्य ठाकरे के समर्थन में वर्ली में उर्दू और गुजराती समेत 6 भाषाओं में लगे पोस्टर्स

