जप साधना का सरल पंथ मुनिश्री जिनेश कुमार जी
पालघर। महातपस्वी आचार्य श्री महाश्रमण जी के सुशिष्य मुनिश्री जिनेश कुमार जी ठाणा 2 के सान्निध्य में तथा तेरापंथी सभा पालघर के तत्वावधान में पर्युषण पर्व के छठे दिन जप दिवस हर्षोल्लास पूर्वक मनाया गया।
मुनिश्री जिनेश कुमार जी ने उपस्थित धर्म सभा को संबोधित करते हुए कहा किसी वाक्य अथवा मंत्र का बार बार उच्चारण करना जप कहलाता है। जप तीन प्रकार का होता है। वाचिक, मानसिक और उपांशु । मंत्र शक्तियों को सिद्ध करने का साधन है जप। जप साधना का सरल पंथ है। जप शब्द दो लगु अक्षरों से बना है जिसका अर्थ है जन्म जन्मांतर के पापों का छेदन करना। जप चित्त निर्मल व पवित्र बनता है। जप से एकाग्रता का विकास होता है। जप साधना का सहज मार्ग है। जो श्रावक जप नहीं करता वह शून्य घर की तरह होता है। मुनिश्री जी ने आगे कहा सभी मंत्रों का सरदार नवकार महामंत्र है। इसका जप करने से भवों भवों के बंधन टूट जाते हैं। जप का एकमात्र उद्देश्य कर्म निर्जरा होना चाहिए। जप दिवस पर सभी को तन्मयता पूर्वक नमस्कार महामंत्र का जप करना चाहिए।
इस अवसर पर मुनि श्री परमानंद जी ने कहा आत्मा का परमात्मा से मिलन का पावन पर्व है। पर्युषण प्रभु नाम स्मरण का पावन पर्व है जिसका पदार्थ से ज्यादा प्रभु से प्रेम होता है। वह अवश्य ही प्रभु के प्रसाद को प्राप्त कर लेता है। जप दिवस पर मुनिश्री परमानंद जी ने जप गीत का संगान किया। पर्युषण पर्व में अखंड नवकार महामंत्र का जप चल रहा है। जिसमें सभी श्रावक समाज उत्साह के साथ भाग ले रहे हैं। यह जानकारी दिनेश राठौड़ ने दी।
पालघर में पर्युषण पर्व के छट्ठे दिन जप दिवस हर्षोल्लास पूर्वक मनाया

