नई दिल्ली:पूर्व विदेश मंत्री और बीजेपी की कद्दावर नेता सुषमा स्वराज अब इस दुनिया में नहीं रहीं। मंगलवार की देर शाम एम्स में उन्होंने आखिरी सांस ली। 67 वर्षीय सुषमा स्वराज ने निधन से महज एक घंटे पहले भारत के टॉप वकील और इंटरनेशनल कोर्ट में कुलभूषण जाधव मामले में भारत का पक्ष रखने वाले वकील हरीश साल्वे को आकर एक रुपये बतौर फीस ले जाने को कहा था। बता दें कि सुषमा स्वराज ने कहा था कि कुलभूषण जाधव मामले में केस लड़ने के लिए वकील हरीश साल्वे ने महज एक रुपये फीस ली थी।
अंतर्राष्ट्रीय न्यायालय में कुलभूषण जाधव मामले के वकील हरीष साल्वे ने टाइम्स नाउ को कहा कि निधन से एक घंटे पहले सुषमा स्वराज से उनकी बातचीत हुई थी। उन्होंने कहा कि सुषमा स्वराज ने उन्हें अपनी एक रुपये की फीस देने के लिए बुलाया था।
उन्होंने कहा, ‘मैंने उनसे 8.50 बजे बात की। यह हमारे बीच काफी इमोशनल बातचीत थी। उन्होंने मुझे आने और मिलने को कहा। उन्होंने कहा कि मुझे आपको केस में जीत हासिल करने के लिए आपकी फीस देनी है। मैंने भी कहा कि जरूर, मैं आकर अपना अनमोल फीस लूंगा। उन्होंने मुझे कल 6 बजे बुलाया था।
बता दें कि पिछले महीने इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ जस्टिस ने कुलभूषण जाधव मामले में पाकिस्तान को फटकार लगाई थी। कोर्ट ने पाकिस्तान को कहा था कि वह कुलभूषण को कंसुलर एक्सेस मुहैया कराए, जिसका वह विरोध कर रहा था। साथ ही कोर्ट ने फांसी की सजा पर रोक लगा दी थी और फिर से पाकिस्तान को विचार करने को कहा था।

