नालासोपारा। श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ मेवाड़, उपसंघ नालासोपारा के दामोदर हाल में चातुर्मासार्थ विराजित सतिया जी आराधिका प.पू. डॉ चरित्रशिलॉजी महाराज, मधुर व्याख्यानी प.पू. डॉ भक्तिशिला जी महाराज, कोकिलकंठी मैत्रीशिला जी महाराज अपने प्रवचन के माध्यम से धर्म अध्यात्म की गंगा बहा रही हैं। यहां के श्रावक-श्राविका उनके अमृतयी वचनों से खूब लाभान्वित हो रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए मैत्रीशिलाजी महाराज सा. ने फरमाया कि जीवन में हमें सदैव दूसरों की भलाई करनी चाहिए, दूसरों के बारे में सोचना चाहिए तो हमारा स्वयं का अपने आप ही अच्छा हो जाएगा।
तदुपरांत भक्तिशिला महाराज सा. जी ने कहा कि हमको सुगुरु, सुधर्म को अपनाना है जो राग-द्वेष के विजेता हैं, वही हमारे अरिहंत देव हैं। सदैव उनके नाम को जपना चाहिए। उससे हमारा जीवन सुखमय, मंगलमय हो जाएगा।
अंत में चारित्रशिलाजी महाराज साहब ने मंगलपाठ करवाकर आज के प्रवचन का समापन किया। इस मौके पर उप संघ, नवयुवक मंडल, कन्यामंडल के पदाधिकारियों के साथ ही बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाओं, महिलाओं, बच्चों की विशेष उपस्थिति रही। यह जानकारी नवयुवक मंडल के निवर्तमान अध्यक्ष प्रवीण जैन ने दी।

नालासोपारा में सतियाजी ने दी सदैव दूसरों की भलाई का संदेश

