नालासोपारा। इन दिनों नालासोपारा ईस्ट स्थित दामोदर हॉल में धर्म की गंगा बह रही है तथा श्रावकों में संस्कार, अहिंसा, तप, त्याग की भावनाओं का संचार हो रहा है। इसके लिए यहं चातुर्मासार्थ विराजित सतियां वृंद अपने प्रवचन के माध्यम से लोगों को प्रेरित कर रही हैं। यहां तुलिंज रोड पर स्थित दामोदर हॉल में श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन संघ मेवाड़, उप संघ नालासोपारा द्वारा गुरु आनंद अम्बेश दरबार सजाया गया है, जहां पूज्य सतियावृंद डॉ. चरित्रशिलाजी महाराज, डॉ. भक्तिशिलाजी महाराज एवं मैत्रीशिलाजी महाराज चातुर्मासार्थ विराज रही हैं एवं यहां हर रोज प्रवचन हो रहे हैं, जिसमें बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविका अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं।
गुरुवार को यहां उपस्थित श्रावक-श्राविकाओं को संबोधित करते हुए मैत्रीशिलाजी महाराज साहब ने कहा कि मनुष्य जीवन बड़ा ही अनमोल है, इसे यूं ही व्यर्थ न करें तथा आत्मा को परमात्मा से जोड़ें। आत्मा को परमात्मा से जोड़ने के लिए जप, तप, आराधना करें, क्योंकि आत्मा से परमात्मा को जोड़ने का यही रास्ता है।
डॉ. भक्तिशिला जी महाराज साहब ने फरमाया कि अगर हमें महावीर स्वामी के बताए हुए रास्ते पर चलना है तो उनका बताया सबसे पहला रास्ता है नियम। जिस व्यक्ति के जीवन में नियम नहीं है वह कभी भी धर्म को, मोक्ष को, परमात्मा को नहीं पा सकता है तथा नियम से चलने वाला ही अच्छे कार्य कर सकता है। उन्होंने इस मौके पर बुरी लतों जैसे व्यसन, जुआ, वेश्यावृत सहित 7 बुरी आदतों को त्यागने की प्रेरणा दी।
अंत में श्रावक-श्राविकाओं में धार्मिक एवं आध्यात्मिक प्रवृत्ति का प्रवाह करते हुए डॉ. चरित्रशिलाजी महाराज ने कहा कि चातुर्मास के दौरान आप सभी धार्मिक क्रियाओं में अधिक से अधिक भाग लेकर अपने तन-मन को एकाग्रचित करें, जिससे सभी का जीवन सार्थक हो सके।
सुबह 8.30 बजे से 10 बजे तक चले प्रवचन में सतियावृंद ने बहुत ही मार्मिक प्रवचन दिए, जिसे सुनकर उपस्थित श्रावक-श्राविका मंत्रमुग्ध हो गए। इस मौके पर श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ मेवाड़ उप संघ नालासोपारा के अध्यक्ष रमेशचंद्रजी बोहरा, प्रमुख रमेशजी बोहरा, राजेंद्रजी बोहरा, कोषाध्यक्ष प्रकाशजीजी सांखला, मंत्री मनीषजी सांखला, नवयुवक मंडल के अध्यक्ष राकेशजी पामेचा, मंत्री लक्ष्मीलालजी इंटोदिया, कोषाध्यक्ष ललितजी कोठीफोड़ा, महिला मंडल की अध्यक्षा लक्ष्मीबेन इंटोदिया, मंत्री कैलाशबेन नौलखा, कोषाध्यक्ष पिंकीबेन राजावत सहित संपूर्ण संघ के तमाम पदाधिकारियों की सराहनीय उपस्थिति रही। यह जानकारी श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ, मेवाड़ नवयुवक मंडल नालासोपारा के निवर्तमान अध्यक्ष प्रवीण इंटोदिया ने दी।
चातुर्मास के दौरान मन को अधिक से अधिक धर्म ध्यान में लगाएं : मैत्रीशिला जी महाराज

