-सम्बोधि ग्रन्थ पर महातपस्वी ने आरम्भ की प्रवचन माला
-चतुर्मास प्रवास स्थल से बहने लगी ज्ञानगंगा की धारा
-देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंच रहे श्रद्धालु, ले रहे आध्यात्मिक लाभ
कुम्बलगोडु, बेंगलुरु (कर्नाटक): कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में पधारे जैन श्वेताम्बर तेरापंथ धर्मसंघ के ग्यारहवें अनुशास्ता, भगवान महावीर के प्रतिनिधि, अहिंसा यात्रा के प्रणेता आचार्यश्री महाश्रमणजी बेंगलुरु के कुम्बलगोडु में बने आचार्य तुलसी महाप्रज्ञ सेवा केन्द्र में दक्षिण भारत का दूसरा चतुर्मास करने हेतु प्रविष्ट हो चुके हैं। आठ महीनों की प्रलम्ब यात्रा के उपरान्त आचार्यश्री के यहां विराजने से सूचना एवं प्रौद्योगिकी क्षेत्र में अग्रणी रहने वाला बेंगलुरु महानगर अब आध्यात्मिक क्षेत्र में भी अग्रणी बन रहा है। आचार्यश्री की मंगल सन्निधि में लगे इस आध्यात्मिक कुम्भ में देश-विदेश से लोग पहुंच रहे हैं और आचार्यश्री के दर्शन, मंगल प्रवचन, मंगलपाठ व आशीर्वाद से स्वयं के जीवन को धन्य बना रहे हैं।
बुधवार को चतुर्मास प्रवास स्थल में बने भव्य महाश्रमण समवसरण में उपस्थित श्रद्धालुओं को आचार्यश्री ने पावन प्रेरणा प्रदान करते हुए कहा कि भगवान ऋषभ वर्तमान अवसर्पिणी काल के आदि (प्रथम) तीर्थंकर थे। उनकी स्तुति के लिए भक्तामर स्तोत्र भी रचित है। उन्होंने गृहस्थावस्था का जीवन भी जीया था और लोगों की लौकिक भलाई भी की। उन्होंने मानव जाति को दैनिक कार्यों का ज्ञान प्रदान किया। खेती, रहन-सहन, घर आदि के नियम बताए। उनके मन में वैराग्य जगा और वे साधना कर तीर्थंकर बन गए। राज सम्पत्ति के विवाद को लेकर उनके पास पहुंचे 98 पुत्रों को उन्होंने सम्बोधि प्राप्त करने की प्रेरणा प्रदान करते हुए कहा कि भौतिक धन तो कोई छीन भी सकता है, लेकिन सम्बोधि, आध्यात्मिक सम्पत्ति को कोई छीन नहीं सकता। भगवान ऋषभ ने जो सम्बोधि प्रदान की, वह समस्त मानव जाति के लिए है।
आचार्यश्री ने आचार्यश्री महाप्रज्ञजी द्वारा संस्कृत भाषा में रचित ग्रन्थ के माध्यम से व्याख्यान का प्रारम्भ करते हुए कहा कि इसके प्रथम श्लोक में मंगलाचरण किया गया है और पंच परमेष्ठी को प्रथम स्थान दिया गया है। जो अहिंसक होते हैं, वे तीन लोकों के त्राता बन जाते हैं। भगवान महावीर तीन लोक के प्राणियों को पाप व दुःख से बचाने के लिए त्राता बन गए। भगवान महावीर 24वें तीर्थंकर थे। तीर्थंकर से बड़ा प्रवक्ता भला कौन हो सकता है। उनका प्रारम्भिक नाम वर्धमान था। ज्ञान, दर्शन में उनकी वर्धमानता थी।
आचार्यश्री के मंगल प्रवचन से पूर्व बेंगलुरु चतुर्मास प्रवास व्यवस्था समिति के अध्यक्ष श्री मूलचंद नाहर, महामंत्री श्री दीपचंद नाहर, श्री प्रकाश लोढ़ा ने पावस प्रवास व फड़द लोकार्पित की तो आचार्यश्री ने पुस्तक के संदर्भ में लोगों को प्रेरणा देते हुए मंगल आशीर्वाद प्रदान किया। प्रवचन के पश्चात् श्री जसराज बुरड़ ने अपनी हर्षाभिव्यक्ति दी। अनेक लोगों ने अपनी-अपनी धारणानुसार तपस्या का प्रत्याख्यान भी किया।

