बर्मिंघम:पाकिस्तान के पूर्व कप्तान वकार यूनिस ने भारत की विश्व कप में इंग्लैंड के हाथों हार के बाद भारतीय क्रिकेट टीम की खेल भावना पर सवाल उठाए हैं। पाकिस्तान इस मैच में भारत का समर्थन कर रहा था क्योंकि इसमें जीत से सरफराज अहमद की अगुवाई वाली टीम की सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावना बढ़ जाती।
भारत हालांकि रविवार को 338 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पांच विकेट पर 306 रन ही बना पाया और उसे टूर्नामेंट में पहली हार का सामना करना पड़ा। पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कोच वकार ने ट्विटर पर अपनी खुन्नस निकाली। उन्होंने लिखा, ‘ये मायने नहीं रखता कि तुम कौन हो.. आप जीवन में क्या करते हो इससे पता चलता है कि तुम कौन हो.. मुझे इसकी चिंता नहीं है कि पाकिस्तान सेमीफाइनल में पहुंचता है या नहीं लेकिन एक बात पक्की है… कुछ चैंपियन्स की खेल भावना की परीक्षा ली गई और वे उसमें बुरी तरह असफल रहे।’
इससे पहले पूर्व क्रिकेटर बासित अली और सिकंदर बख्त ने आरोप लगाया था कि पाकिस्तान को टूर्नामेंट से बाहर रखने के लिये भारतीय टीम इंग्लैंड से हार सकती है। इंग्लैंड के अब 10 प्वॉइंट्स हैं जो पाकिस्तान से एक प्वॉइंट अधिक है। इंग्लैंड को अब अगला मैच न्यूजीलैंड से खेलना है जबकि पाकिस्तान का सामना बांग्लादेश से होगा। वकार इस ट्वीट पर लोगों ने उन्हें जमकर ट्रोल भी किया है। एक भारतीय फैन ने लिखा कि अपनी टीम कुछ कर नहीं पाई और ऐसी बकवाल बातें बोल रहे हैं।
भारत की हार से बौखलाए वकार यूनिस

