अहमदाबाद: वडगाम से निर्दलीय विधायक जिग्नेश मेवाणी के खिलाफ फेक वीडियो शेयर कर प्राइवेट स्कूल की मानहानि करने के आरोप में केस दर्ज हुआ है। मेवाणी ने 20 मई को ट्विटर पर वीडियो शेयर किया था। इसमें एक अर्धनग्न बच्चे को कोई पीटता दिख रहा था। मेवाणी ने दावा किया था कि यह वाकया वलसाड के निजी स्कूल आरएमवीएम का है।
मेवाणी ने लिखा- वीडियो इतना शेयर करें कि स्कूल बंद हो जाए
स्कूल के प्रिंसिपल विजय कुमार पटेल ने इस मामले में वलसाड पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया है। पुलिस के मुताबिक, पटेल ने दावा किया है कि यह वीडियो उनके स्कूल का नहीं है। इससे स्कूल और शिक्षकों की मानहानि हुई है।
शिकायत के आधार पर मेवाणी के खिलाफ भ्रामक जानकारी फैलाने और मानहानि की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। मेवाणी ने अपने ट्वीट में प्रधानमंत्री ऑफिस को टैग करते हुए लिखा था कि स्कूल के टीचर बच्चों के साथ मारपीट में शामिल हैं। इसे इतना शेयर करें कि स्कूल बंद हो जाए।
मेवाणी ने बाद में ट्वीट हटाया
मेवाणी ने बाद में यह ट्वीट हटा दिया। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने दावा किया कि यह वीडियो गुजरात का नहीं, बल्कि इजिप्ट का है।
जिग्नेश ने बच्चे की पिटाई की फेक पोस्ट शेयर की, स्कूल ने मानहानि का केस दर्ज कराया

